राहुल गांधी-ओवैसी देश में गृह यद्ध कराना चाहते हैं: गिरिराज सिंह
नई दिल्ली। नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ जिस तरह से तमाम विपक्षी दल सरकार का विरोध कर रहे हैं, उसपर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने विपक्षी दलों पर तीखा पलटवार किया है। गिरिराज सिंह ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि ये लोग देश में गृह युद्ध कराना चाहते हैं। गिरिराज सिंह ने ना सिर्फ कांग्रेस बल्कि असदुद्दीन ओवैसी पर भी निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि जो मुगल और अंग्रेज देश में नहीं कर सके वो राहुल गांधी, कांग्रेस, टुकड़े-टुकड़े गैंग और असदुद्दीन ओवैसी करना चाहते हैं। ये लोग भारत को बांटना चाहते हैं, ये लोग भारत में गृह युद्ध कराना चाहते हैं।
Recommended Video

हिम्मत है तो कांग्रेस कहे
दरअसल एनआरसी और डिटेंशन कैंप को लेकर छिड़ी बहस के बीच गिरिराज सिंह ने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री भारत माता के प्रति पूरी तरह से समर्पित हैं, लेकिन राहुल गांधी झूठ फैला रहे हैं। 2011 में कांग्रेस ने डिटेंशन कैंप बनवाया था। मैं कांग्रेस को चुनौती देता हूं अगर उनके अंदर हिम्मत है तो वह कह दें कि उन्होंने डिटेंशन कैंप नहीं बनवाया था, मैं अपने पद से इस्तीफा दे दूंगा, लेकिन अगर वो ऐसा नहीं करते हैं तो वह अपने पद से इस्तीफा दे दें। गिरिराज ने कहा कि राहुल गांधी बताएं कि देश में असम में किस सरकार ने डिटेंशन सेंटर खोला था और कितने डिटेंशन सेंटर खोले गए थे।
झूठ बोलते हैं राहुल
राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए गिरिराज सिंह ने कहा कि उनका काम सिर्फ झूठ बोलना है। ओवैसी, राहुल गांधी और टुकड़े-टुकड़े गैंग पाकिस्तान का एजेंडा भारत में चला रहे हैं। बता दें कि इससे पहले राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर तीखा हमला बोला था। राहुल गांधी ने बीबीसी के एक वीडियो को शेयर करते हुए ट्वीट किया, 'RSS का प्रधानमंत्री भारत माता से झूठ बोलता है।' इस ट्वीट के साथ राहुल गांधी ने #झूठ_झूठ_झूठ लिखा है। राहुल गांधी ने जो वीडियो शेयर किया है, वह असम में तैयार किए जा रहे एक डिटेंशन सेंटर का है। इसमें राहुल गांधी ने पीएम मोदी के रामलीला मैदान में दिए गए भाषण के उस अंश का भी जिक्र किया है जिसमें उन्होंने कहा था कि देश में एक भी डिटेंशन सेंटर नहीं है।
पीएम ने दिया था बयान
बता दें कि देश में एनआरसी और सीएए के खिलाफ हो रहे प्रदर्शन के बीच रामलीला मैदान में रैली के दौरान पीएम मोदी ने कहा था कि भारत में कोई डिटेंशन सेंटर नहीं है। उन्होंने कहा था कि जो लोग देश में झूठ फैला रहे हैं, अफवाह फैला रहे हैं, इन लोगों को पहचानने की ज़रूरत है, ये 2 तरह के लोग हैं। एक वे जिनकी राजनीति दशकों तक वोट बैंक पर ही टिकी रही है और दूसरे वो लोग जिनको इस राजनीति का लाभ मिला है। पीएम मोदी के इसी बयान पर अब राहुल गांधी ने पलटवार किया है।












Click it and Unblock the Notifications