अब और बढ़ेगी सर्दी! देश के इन तीन राज्यों में IMD ने जारी किया बारिश-बर्फबारी का अलर्ट
कड़कड़ाती ठंड के लिए हो जाइए तैयार, इन 3 राज्यों में अगले तीन होगी बारिश और बर्फबारी
नई दिल्ली, 11 दिसंबर: देश की राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण की मार के बीच अब ठंड भी अपना असर बढ़ाने लगी है। दिल्ली में शुक्रवार की रात इस सीजन में अभी तक की सबसे ठंडी रात के तौर पर रिकॉर्ड गई है। मौसम विभाग के मुताबिक, बीती रात दिल्ली का तापमान 8.3 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिक भी इस बात की चेतावनी पहले ही जारी कर चुके हैं कि इस साल मानसून की वापसी में देरी और ज्यादा बारिश के कारण जनवरी-फरवरी के महीने में कड़ाके की ठंड़ पड़ने वाली है। इस बीच अब भारतीय मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के दौरान देश के तीन राज्यों में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है।

13 से 15 दिसंबर के बीच बारिश और बर्फबारी
'द वेदर चैनल' की रिपोर्ट के मुताबिक, अगले हफ्ते की शुरुआत से ही देश के उत्तरी इलाकों में बारिश और बर्फबारी का ताजा दौर शुरू हो जाएगा, क्योंकि इस क्षेत्र में एक नया पश्चिमी विक्षोभ बन रहा है। इसी पश्चिमी विक्षोभ के असर के चलते जम्मू कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में 13 से 15 दिसंबर के बीच बिजली कड़कने के साथ बारिश और बर्फबारी देखने को मिलेगी।

रविवार रात से ही दिखने लगेगा असर
मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण रविवार रात से ही पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र के मौसम पर असर दिखने लगेगा। दरअसल ये पश्चिमी विक्षोभ वास्तव में मौसम के कम दबाव वाले सिस्टम हैं, जिनका गठन भूमध्य सागर के ऊपर होता है। इसके बाद ज्यादा ऊंचाई वाली पश्चिमी हवाएं इन्हें भारत की तरफ मोड़ देती हैं। कम दबाव वाले ये पश्चिमी विक्षोभ रास्ते में भूमध्यसागर और कैस्पियन सागर से नमी इकट्ठा करते हैं। और, इसके बाद इनकी वजह से उत्तर, उत्तर-पश्चिम और कभी-कभी पूर्वोत्तर भारत में भी बारिश का स्थितियां बन जाती हैं।

मैदानी इलाकों में ठंड बढ़ेगी
हालांकि मौसम विभाग ने बताया है इन तीनों राज्यों में होने वाली बारिश और बर्फबारी की रफ्तार धीमी रहेगी, इसलिए प्रशासन की तरफ से किसी तरह की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। लेकिन, मौसम विभाग की तरफ से कहा गया है कि इन तीनों राज्यों में बर्फबारी और बारिश के बाद मैदानी इलाकों में पारा गिरने से ठंड बढ़ेगी। इसके साथ ही सोमवार से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में अधिकतम और न्यूनतम के तापमान में भी गिरावट रिकॉर्ड की जाएगी।

श्रीनगर में भी शुक्रवार की रात रही सबसे ठंडी
आपको बता दें कि पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में आने वाले राज्यों में रात के तापमान में पहले से ही गिरावट देखी जा रही है। दिल्ली के अलावा श्रीनगर में भी शुक्रवार की रात इस सीजन की सबसे ठंडी रात के तौर पर दर्ज की गई और तापमान -3.3 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। इसके अलावा जम्मू शहर में न्यूनतम तापमान 6.7 डिग्री सेल्सियस, कटरा में 7.2 डिग्री सेल्सियस, बटोटे में 4.4 डिग्री सेल्सियस, बनिहल में 6.8 डिग्री सेल्सियस और भद्रवाह में -0.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

चेन्नई में अगले 5 दिन बारिश का अलर्ट
वहीं, पहलगाम में न्यूनतम तापमान -6.4 डिग्री सेल्सियस, गुलमर्ग में -5.5 डिग्री सेल्सियस, लद्दाख के द्रास शहर में -18 डिग्री सेल्सियस, लेह में -14.6 डिग्री सेल्सियस और कारगिल में -10.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आपको बता दें कि इन राज्यों के अलावा तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में भी अगले पांच दिनों के दौरान बारिश का अलर्ट दिया गया है।
ये भी पढ़ें- टॉपलेस हुईं रिहाना, अब इस काम के प्रचार के लिए कराया ऐसा बोल्ड फोटोशूट











Click it and Unblock the Notifications