North East Express Accident: जनशताब्दी समेत 21 ट्रेनों के बदले गए रूट, देखिए पूरी लिस्ट
North East Express Train Accident: बिहार के बक्सर जिले के रघुनाथपुर रेलवे स्टेशन पर नॉर्थ ईस्ट सुपरफास्ट ट्रेन के 21 डिब्बे पटरी से उतर गए हैं। हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई है और 100 से ज्यादा घायल हैं। नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस हादसे के बाद डीडीयू पटना रेल रूट प्रभावित हो गया है। कई ट्रेनों के रूट बदले गए हैं। जनशताब्दी एक्सप्रेस को कैंसिल किया गया है। वहीं 21 ट्रेनों का रूट बदला गया है।
दिल्ली के आनंद विहार टर्मिनल से आ रही नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस असम के गुवाहाटी में कामाख्या जंक्शन की ओर जा रही थी, तभी 11 अक्टूबर की रात 9:53 बजे ट्रेन के 21 डिब्बे पटरी से उतर गए। जिसमें कम से कम दो एसी 3 टियर डिब्बे पलट गए, जबकि चार अन्य डिब्बे पटरी से उतर गए।

इन 2 जन शताब्दी एक्सप्रेस को किया गया कैंसिल
पूर्व मध्य रेलवे जोन द्वारा जारी एक बयान के मुताबिक, जिन ट्रेनों को रद्द किया गया है उनमें काशी पटना जन शताब्दी एक्सप्रेस (15125) और पटना काशी जन शताब्दी एक्सप्रेस (15126) शामिल हैं।
इन 21 ट्रेनों के बदले गए रूट
पूर्व मध्य रेलवे जोन द्वारा जारी एक बयान के मुताबिक, दिल्ली और डिब्रूगढ़ के बीच राजधानी एक्सप्रेस सहित मार्ग पर चलने वाली कम से कम 21 ट्रेनों को डायवर्ट किया गया है। इन ट्रेनों को अब हाजीपुर छपरा बनारस प्रयागराज के रूट से चलाया जाएगा।
लोकमान्य तिलक पाटलिपुत्र एक्सप्रेस (12141), पुणे दानापुर एक्सप्रेस (12149) और नई दिल्ली डिब्रूगढ़ राजधानी एक्सप्रेस (12424 ) को डॉउन डायरेक्शन में दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन सासाराम आरा के रास्ते चलाया जा रहा है।
इसके अलावा भगत की कोठी-कामाख्या जंक्शन एक्सप्रेस, नई दिल्ली राजेंद्र नगर तेजस एक्सप्रेस, आनंद विहार- मधुपुर जंक्शन सुपरफास्ट एक्सप्रेस, आनंद विहार भागलपुर विक्रमशिला एक्सप्रेस, आनंद विहार भागलपुर गरीब रथ एक्सप्रेस, सिक्किम महानंदा एक्सप्रेस और आनंद विहार जोगबनी सुपरफास्ट एक्सप्रेस को दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन गया पटना के रास्ते चलाया जा रहा है।


बक्सर के पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार ने पीटीआई-भाषा को बताया कि दुर्घटना में चार यात्रियों की मौत हो गई। रेलवे पुलिस बल के एक अधिकारी ने कहा कि कम से कम 100 यात्री घायल हो गए हैं और उन्हें स्थानीय अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। गंभीर रूप से घायल लोगों को एम्स, पटना ले जाया गया। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने एक्स पर कहा, ''पटरी से उतरने के मूल कारण का पता लगाएंगे।''












Click it and Unblock the Notifications