11 साल के बच्चे ने रची अपने अपहरण की साजिश, पिता से मांगी 5 लाख की फिरौती
नोएडा। घरवालों की डांट से तंग एक बच्चे ने ऐसा कुछ किया जिसकी कल्पना परिजनों ने नहीं की थी। अक्सर गल्ले से पैसे निकालने के कारण उसे डांट का सामना करना पड़ता था। सोमवार को भी जब उसने गल्ले से 100 रु निकाले तो उसको डांट पड़ी। इसके कुछ देर बाद बच्चा स्कूल जाने के लिए घर से निकला। उसके बाद जब उसके पिता को एक फोन आया तो घरवाले हैरान रह गए थे।

फिरौती के रूप में मांगे 5 लाख
नोएडा के छिजारसी इलाके का रहने वाला 11 साल का बच्चा क्लास 6 का छात्र है और उसके पिता की एक किराने की दुकान है। घर से निकलने के कुछ देर बाद बच्चे ने एक अज्ञात नंबर से पिता को फोन किया। उसने 5 लाख रुपए के बदले खुद को छोड़े जाने की बात बताई। उस वक्त फिरौती की बात सुनकर परिजनों के होश उड़ गए।

बच्चे ने ही अपने घरवालों को कॉल किया
परिजनों ने पुलिस को पूरी बात बताई तो कॉल के आधार पर बच्चे के लोकेशन का पता लगाते हुए पुलिस बिसरख पहुंची। उसके बाद पुलिस उस शख्स तक पहुंच गई जिसके नंबर से कॉल किया गया था। वो एक मजदूर था जिससे फोन लेकर बच्चे ने ही अपने घरवालों को कॉल किया था।

घरवाले उसे अक्सर डांटते रहते थे
पुलिस ने पास में ही घूम रहे बच्चे को भी बरामद कर लिया। पुलिस को शुरू में ये मामला अपहरण का लगा था लेकिन बाद में मालूम हुआ कि बच्चे ने ही खुद अपने घरवालों को कॉल किया था। इस घटना की कोई आधिकारिक शिकायत दर्ज नहीं की गई है। बच्चे ने बाद में बताया कि घरवाले उसे अक्सर डांटते रहते थे इसलिए उसने ऐसा प्लान बनाया था।












Click it and Unblock the Notifications