संघ की मुस्लिम विंग ने नागपुर में मांगी इफ्तार इजाजत, जवाब मिला- ऐसा नहीं हो सकता
नागपुर। राष्ट्रीय स्वयं सेवक (RSS) ने अपने ही संगठन की शाखा राष्ट्रीय मुस्लिम मंच की उस मांग को ठुकरा दिया है, जिसमें नागपुर स्थित मुख्यालय में इफ्तार का आयोजन करने की अनुमति मांगी गई थी। इफ्तार के आयोजन की मांग राष्ट्रीय मुस्लिम मंच की महाराष्ट्र इकाई के संयोजक फारुख शेख ने नागपुर महानगर सह संघचालक राजेश लोया से स्मृति मंदिर परिसर में इफ्तार की मांग की थी। इसके जवाब में संघ की ओर से जवाब दिया गया कि स्मृति मंदिर में इफ्तार का आयोजन नहीं हो सकता है, क्योंकि इस समय वहां प्रशिक्षण कार्य चल रहा है।

इंडियन एक्सप्रेस की खबर के मुताबिक, फारुख शेख ने अपने आग्रह में कहा था कि वह स्मृति मंदिर में शाकाहारी व्यंजन का इंतजाम करेंगे, जिससे कि मंदिर की पवित्रता बनी रहे। फारुख शेख ने इफ्तार आयोजन के बारे में कहा, 'मैंने सोचा था कि आरएसएस की ओर से इफ्तार के आयोजन का समाज में भाईचारे का संदेश जाएगा।' उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया में असहनशीलता बढ़ रही है, ऐसे में इस प्रकार के आयोजन में गलत क्या है?
राष्ट्रीय मुस्लिम मंच के संयोजक की ओर से इफ्तार को लेकर दिए गए बयान के बाद मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष मोहम्मद अफजल संघ का बचाव करते दिखे। उन्होंने कहा कि इस्लाम किसी से मुस्लिमों के लिए इफ्तार आयोजित करने के लिए नहीं कहता। अगर कोई मुस्लिम इफ्तार देना चाहता है, तो वह किसी से कहता नहीं है, बल्कि खुद करता है। अफजल ने कहा कि आरएसएस से इफ्तार की मेजबानी की उम्मीद करना इस्लाम के बुनियादी उसूलों के खिलाफ है, फारुख शेख ने अतिउत्साह में ऐसी मांग कर डाली।












Click it and Unblock the Notifications