सिद्धू मूसेवाला की हत्या को लेकर राजनीति नहीं होनी चाहिए, भगवंत मान जल्द पकड़ेंगे दोषियों को- केजरीवाल
नई दिल्ली, जून 03। पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद से पंजाब की भगवंत मान सरकार लगातार निशाने पर है, क्योंकि पंजाब सरकार ने जिस दिन मूसेवाला की सुरक्षा हटाई थी, उसके अगले दिन ही उनकी हत्या कर दी गई। इसको लेकर विपक्षी पार्टियां भगवंत सरकार पर सवाल खड़े कर रही है। ऐसे में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पंजाब सरकार के बचाव में उतर आए हैं। उन्होंने कहा है कि पंजाब के मुख्यमंत्री दोषियों को जल्द ही पकड़कर उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दिलवाएंगे।

Recommended Video
भगवंत मान जल्द दोषियों को पकड़ेंगे- केजरीवाल
शुक्रवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल नॉर्थ वेस्ट दिल्ली के रोहिणी में एक परियोजना का कामकाज देखने के लिए पहुंचे। यहां जनता को संबोधित करते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पंजाब में सिद्धू मूसेवाला की हत्या की घटना को लेकर राजनीति नहीं होनी चाहिए। हमारे लिए यह बेहद अफसोस की बात है कि इतने लोकप्रिय सिंगर को मौत के घाट उतार दिया गया, लेकिन पंजाब के सीएम दोषियों को पकड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। केजरीवाल ने कहा कि भगवंत मान ने मुझे भरोसा दिलाया है कि वो सिद्धू की हत्या के दोषियों को कड़ी सजा दिलवाएंगे।
नई सरकार पर रखिए भरोसा- केजरीवाल
अरविंद केजरीवाल ने आगे कहा कि पंजाब की इस घटना को लेकर विपक्षी पार्टियां हम पर सवाल खड़े कर रही हैं, लेकिन मैं आपको यह बता देना चाहता हूं कि इससे पहले पटियाला हिंसा और मोहाली बॉम्ब ब्लास्ट की घटना को भी सुलझाया जा चुका है। उन्होंने कहा कि इन दोनों मामलों में 24 या फिर 48 घंटे में सुलझा लिया गया था। अभी नई सरकार सत्ता में है, इसलिए प्रयास जारी है। विपक्षी पार्टी और सबको मिलकर पंजाब को आगे बढ़ाना है, राजनीति नहीं करनी चाहिए।
29 मई को हुई थी सिद्धू की हत्या
आपको बता दें कि सिंगर सिद्धू मूसेवाला की 29 मई को मानसा जिले में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उनकी हत्या की जिम्मेदारी लॉरेंसी बिश्नोई गैंग ने ली है। अभी तक पुलिस ने इस मामले में 5 आरोपियों को कस्टडी में लिया है। इनमें से 3 गैंगस्टर तो दो दिन पहले ही अरेस्ट हो गए थे, जबकि 2 लोगों को आज फतेहाबाद जिले से हिरासत में लिया गया है। मूसेवाला की हत्या के बाद गोल्डी बरार ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट भी लिखी थी, जिसमें उसने हत्या की जिम्मेदारी ली थी।












Click it and Unblock the Notifications