मोदी सुनामी में सब बह गए, लेकिन हम जिंदा रहे: सलमान खुर्शीद
नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की करारी हार के बाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि मोदी सुनामी के सामने कोई नहीं टिक सका। सलमान खुर्शीद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता के सामने कोई खड़ा नहीं हो पाया। उन्होंने कहा कि मोदी सुनामी में सब कुछ बह गया, केवल कांग्रेस बच गई।

कांग्रेस नेता ने कबूली मोदी लहर की बात
केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सलमान खुर्शीद ने कहा कि केंद्र सरकार सबरीमाला मंदिर के फैसले को पलटने को तैयार है, जबकि सुप्रीम कोर्ट ने साफ कहा है कि सबरीमाला मंदिर में महिलाओं का प्रवेश नहीं रोका जाना चाहिए।

सलमान खुर्शीद ने मोदी की लोकप्रियता को स्वीकारा
सलमान खुर्शीद ने लोकसभा चुनाव में मोदी की लोकप्रियता को स्वीकार किया और मोदी लहर पर हामी भरते हुए कहा कि आज तो हम यही जानते हैं चुनाव हुआ और चुनाव में पीएम की लोकप्रियता इतनी थी कि उसके सामने कोई खड़ा नहीं हो पाया। उन्होंने कहा कि इस चुनाव में एक अच्छी बात है कि मोदी सुनामी आई उसने सबकुछ बहा दिया लेकिन हम जिंदा रहे। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के इस्तीफे को लेकर उन्होंने कहा कि राहुल गांधी कहीं नहीं जाएंगे। वो अपने पद पर बने रहेंगे।

लोकसभा चुनाव में जमानत हो गई थी जब्त
कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद लोकसभा चुनाव हारने के बाद पहली बार अपने गृह क्षेत्र फर्रुखाबाद पहुंचे थे, जहां उन्होंने लोगों का धन्यवाद किया। लोकसभा चुनाव में सलमान खुर्शीद की जमानत तक जब्त हो गई थी, उन्हें कुल 55000 वोट मिले और वो चौथे नंबर पर रहे।









Click it and Unblock the Notifications