राहुल गांधी ने राफेल डील पर फिर खड़े किए सवाल, कहा- फ्रांस ने सरकार को सौदे में कोई गारंटी नहीं दी
नई दिल्ली। राफेल डील विवाद पर देश में सड़क से संसद और सुप्रीम कोर्ट तक हंगामा मचा हुआ है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी मोदी सरकार पर इस डील में भ्रष्टाचार का आरोप लगा रहे हैं। राहुल गांधी इस मुद्दे को ना सिर्फ अपनी रैलियों में उठा रहे हैं बल्कि सोशल मीडिया पर भी पीएम मोदी पर जमकर हमला बोल रहे हैं। गुरुवार को पीएम मोदी पर हमला बोलते हुए राहुल गांधी ने ट्वीट कर आरोप लगाया कि, राफेल एय़रक्राफ्ट पर फ्रांस की तरफ से कोई सरकारी गारंटी नहीं दी गई है।

राहुल गांधी ने शनिवार को ट्वीट कर पीएम मोदी पर आरोप लगाया कि, राफेल मामले में ताजी कड़ी सामने आई है। (सौदे को लेकर) फ्रांस की सरकार ने कोई गारंटी नहीं दी है। लेकिन हमारे प्रधानमंत्री कहते हैं कि फ्रांस की सरकार ने भरोसेमंद बने रहने के लिए एक पत्र दिया है। उन्होंने सवाल किया, क्या यह सरकारों के बीच समझौता कहे जाने का पर्याप्त आधार है? इससे पहले कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने राफेल मुद्दे पर मोदी सरकार को घेरा।
सुरजेवाला ने कहा कि, राफेल घोटाले में मोदी जी की कच्ची रसीद का कच्चा चिठ्ठा अब सामने आ गया है। प्रधानमंत्री ने बैंक गारंटी को माफ कर दिया जो देश की सुरक्षा से खिलवाड़ है। जबकि कानून मंत्रालय ने राय दी थी कि बैंक गारंटी फ्रांस की सरकार से ली जाए। पीएम मोदी जी ने राफेल का बेंचमार्क प्राईस बढ़ाकर 62,166 करोड़ रुपया कर दिया। इसका खुलासा उस समय के रक्षा मंत्रालय के वित्त के प्रभारी अधिकारी सुधांशु मोहंती जी ने भी कर दी है ।
उन्होंने कहा, सात मार्च 2016 को तत्कालीन रक्षा मंत्री ने कानून मंत्रालय की राय से अलग राय रखने से इनकार कर दिया। एयर अक्वेजिशन विंग ने साफ कहा कि बैंक गारंटी के बगैर सौदा नहीं हो सकता। लेकिन मोदी जी कहते हैं कि बैंक गारंटी की कोई जरूरत नहीं है। उन्होंने कानून मंत्रालय, एयर अक्वेजिशन विंग और अपने रक्षा मंत्री की राय को खारिज कर दिया। उन्होंने सवाल किया कि प्रधानमंत्री ने राष्ट्रीय हित से समझौता क्यों किया?












Click it and Unblock the Notifications