39 लापता भारतीय जिंदा भी हैं या नहीं, पुख्ता जानकारी नहीं : इराक विदेश मंत्री
नई दिल्ली। इराक के विदेश मंत्री इब्राहिम अल-जाफरी भारत दौरे पर हैं। उनकी यात्रा के दौरान इराक में तीन साल पहले लापता हुए 39 भारतीयों के बारे में कोई ठोस जानकारी मिलने की उम्मीद की जा रही थी, लेकिन उनके बयान के बाद रहस्य और गहरा गया है।
सोमवार को केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से मीटिंग के बाद उन्होंने कहा कि इराक में लापता हुए 39 भारतीयों के बारे में उनके पास अभी तक कोई ठोस जानकारी नहीं है। हालांकि, उन्होंने यह भरोसा जरूर दिलाया कि वह उन्हें खोजने की पूरी कोशिश कर रहे हैं।

हालांकि, विदेश मंत्री सुषमा स्वराज समय-समय पर 2014 में लापता हुए भारतीयों को वापस घर लाने की बात करती रही हैं। यहां तक की स्वराज ने हाल ही में एक बयान में कहा था कि लापता भारतीय इराक की एक जेल में बंद हैं। इराक के विदेश मंत्री इब्राहिम अल-जाफरी के इस बयान के बाद कांग्रेस ने सुषमा स्वराज पर हमला बोलते हुए कहा कि विदेश मंत्री ने इस मामले पर देश को गुमराह करने की कोशिश की है।
आपको बता दें कि आतंकी संगठन आईएसआईएस ने इराकी सेना को हराने के बाद और मोसुल पर कब्जा करने के बाद से ही 39 भारतीय लापता है जिनमें से अधिकतर पंजाब के रहने वाले हैं। इराक के विदेश मंत्री इब्राहिम अल-जाफरी 5 दिनों के लिए भारत दौरे पर हैं।












Click it and Unblock the Notifications