अब भागलपुर सीट पर घमासान, शाहनवाज हुसैन के बयान पर भड़के नीतीश ने कही बड़ी बात
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने भागलपुर से टिकट ना मिलने पर नाराजगी हाजिर की थी। शाहनवाज हुसैन ने ट्वीट कर कहा था कि बिहार की भागलपुर सीट से वे लोकसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे क्योंकि ये सीट नीतीश कुमार की पार्टी जदयू के खाते में चली गई है। वहीं, शाहनवाज हुसैन के ट्वीट पर जदयू प्रमुख और बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने नाराजगी जाहिर की है। नीतीश ने कहा है कि शाहनवाज हुसैन अपनी पार्टी से इसपर सफाई मांगें।

नीतीश ने शाहनवाज हुसैन के बयान को गैरजिम्मेदराना बताया
नीतीश कुमार ने शाहनवाज हुसैन के बयान को गैरजिम्मेदाराना बताया और कहा कि इसपर उन्हें बीजेपी से सफाई मांगनी चाहिए। नीतीश कुमार ने कहा कि भागलपुर सीट पर शाहनवाज को जदयू की मदद से जीत मिली थी। शाहनवाज के ट्वीट पर नाराजगी जताते हुए नीतीश कुमार ने कहा कि उनको ये बयान वापस लेना चाहिए और बीजेपी को इसपर सफाई देनी चाहिए।

भागलपुर सीट को लेकर शाहनवाज ने किया था ट्वीट
बता दें कि शाहनवाज हुसैन ने 23 मार्च को कई ट्वीट किए थे। उन्होंने एक ट्वीट में लिखा था, 'मैं इस बार भागलपुर से चुनाव नहीं लड़ूंगा। बिहार में एनडीए गठबंधन में नीतीश कुमार की पार्टी जदयू ने मेरी सीट समेत 6 सीटें ले ली हैं जहां पर मौजूदा भाजपा सांसद हैं। हालांकि मैं चुनाव नहीं लड़ूंगा लेकिन पार्टी के लिए कड़ी मेहनत करूंगा।'
2014 में भागलपुर सीट से हार गए थे शाहनवाज
साल 2014 में बिहार की भागलपुर सीट से शाहनवाज चुनाव हार गए थे। वहीं, बिहार में नीतीश कुमार की पार्टी के साथ गठबंधन के बाद बीजेपी की ये सीट जदयू के खाते में चली गई है, जिसे लेकर शाहनवाज हुसैन का दर्द छलका था। शाहनवाज हुसैन ने एक अन्य ट्वीट में कहा था, 'मेरी पार्टी ने मुझपर हमेशा भरोसा किया और 6 बार लोकसभा चुनाव में मुझे यहां से टिकट दिया। इस बार शायद मैं चुनाव नहीं लड़ूं लेकिन नरेंद्र मोदी को दोबारा प्रधानमंत्री बनाने के लिए कड़ी मेहनत करूंगा।'












Click it and Unblock the Notifications