गांव हो या शहर, हर घर में बने शौचालय : नीतीश कुमार
पटना| बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को कहा कि आज गांव हो या शहर हर घर में शौचालय बनना आवश्यक है। खुले में शौच करने की आदत बदलनी होगी।
पटना में लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग की 629़ 51 करोड़ रुपये की लागत से कुल 415 विभिन्न ग्रामीण पाइप जलापूिर्त एवं सौर ऊर्जा चालित मिनी पाइप जलापूर्ति योजनाओं का रिमोट द्वारा शिलान्यास व उद्घाटन करने के बाद लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में चापानलों की संख्या लगातार बढ़ रही है।
उन्होंने कहा कि पहले प्रति व्यक्ति प्रतिदिन 40 लीटर जल की खपत थी परंतु अब यह बढ़कर 55 लीटर पहुंच गई है। इसके लिए अधिक से अधिक चापानल एवं पाइप जलापूर्ति योजनाओं को जल्द पूरा करना होगा।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के केन्द्रीय शिकायत निवारण कोषांग के नीर निर्मल सेवा का टॉल फ्री नंबर भी जारी किया।
उन्होंने कहा कि इस नंबर पर शिकायत दर्ज कर समस्या का समाधान शीघ्रता से पाया जा सकेगा।
मुख्यमंत्री ने जल संरक्षण पर जोर देते हुए कहा कि पानी की बर्बादी न हो इसका भी ख्याल रखना होगा। उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्र में रहने वाले सभी शौचालयविहीन परिवारों को शौचालय बनाने के लिए राज्य सरकार 12 हजार रुपये देगी।
इस मौके पर शौचालय के विभिन्न मॉडलों की प्रदर्शनी लगाई गई जिसमें टिकाऊ और सस्ता शौचालय के कई मॉडलों को प्रदर्शित किया गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।













Click it and Unblock the Notifications