नीतीश कुमार दूसरी बार जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने गए, तीन साल के लिए मिली जिम्मेदारी
नई दिल्ली। नीतीश कुमार को जनता दल (यूनाइटेड) का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया है। तीन साल के लिए उनको जदयू अध्यक्ष चुना गया है। 2022 तक उनका कार्यकाल होगा। बुधवार को दिल्ली के रफीगंज मार्ग स्थित मावलंकर हॉल में जदयू की राष्ट्रीय परिषद की बैठक में परिषद के सदस्यों ने नीतीश कुमार के राष्ट्रीय अध्यक्ष के पद पर सर्वसम्मति से हुए निर्वाचन पर मुहर लगाई। इसके बाद नीतीश कुमार को राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने की आधिकारिक घोषणा की गई। देशभर से आए जदयू नेताओं की इस बैठक में उनके अध्यक्ष बनने की विधिवत घोषणा होना ही बाकी थी क्योंकि अध्यक्ष के रूप में उनका निर्विरोध निर्वाचन पहले ही हो गया था।

लगातार दूसरी बार बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी मिली है। तीन साल पहले नवंबर 2016 में पहली बार उन्होंने पार्टी अध्यक्ष पद संभाला था। तब तत्कालीन जदयू अध्यक्ष शरद यादव ने चौथी बार अध्यक्ष बनने से इंकार कर दिया था, जिसके बाद नीतीश कुमार को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया था।
नीतीश कुमार को बिहार का एक बड़ा राजनीतिक चेहरा माना जाता है। नीतीश कुमार करीब चार दशकों से ज्यादा समय से राजनीति में हैं। 1985 में पहली बार बिहार विधायक बने थे। 1989 से 2004 तक वह कुल छह बार लोकसभा के सांसद रहे हैं। वाजपेयी सरकार में वो केंद्र में रेल मंत्री रहे। 2005 में हुए बिहार विधानसभा चुनाव के बाद वो सीएम बने। इसके बाद से वो लगातार बिहार के मुख्यमंत्री पद पर हैं। बीच में कुछ दिनों के लिए जरूर जीतन राम मांझी बिहार के मुख्यमंत्री थे।
बिहार के मुख्यमंत्री और जनता दल यूनाइटेड के मुखिया नीतीश कुमार करीब आठ दिन के भीतर ही बुधवार को दूसरी बार दिल्ली में पार्टी नेताओं से मिले हैं। इससे पहले 23 अक्टूबर को बदरपुर में पार्टी कार्यकर्ताओं के एक सम्मेलन में उन्होंने हिस्सा लिया था।












Click it and Unblock the Notifications