दिल्ली पहुंचे नीतीश ने विपक्षी एकता की भरी हुंकार, बोले- मेरी कोई महत्वाकांक्षा नहीं
नई दिल्ली, 05 सितंबर। आगामी लोकसभा चुनाव में अभी तकरीबन डेढ़ साल का वक्त बचा है, लेकिन भारतीय जनता पार्टी को आगामी लोकसभा चुनाव में घेरने की विपक्षी दलों ने तैयारी अभी से शुरू कर दी है। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इस मुहिम को आगे बढ़ाने की पुरजोर कोशिश में जुट गए हैं। इसी सिलसिले में नीतीश कुमार आज दिल्ली पहुंचे हैं। नीतीश कुमार राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति से मुलाकात करेंगे। इसके साथ ही वह कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी से मुलाकात करेंगे।

दिल्ली पहुंचने के बाद नीतीश कुमार ने एक बार फिर से विपक्षी एकता की बात कही। उन्होंने कहा कि अगर विपक्ष एकजुट हो जाएगा तो अच्छा माहौल बनेगा। इसके साथ ही नीतीश कुमार ने इस बात को दोहराया है कि मेरी व्यक्तिगत तौर पर कोई इच्छा नहीं है और ना ही कोई महत्वाकांक्षा है। बता दें कि बिहार में लालू प्रसाद यादव से मुलाकात के बाद नीतीश कुमार दिल्ली पहुंचे हैं। वह यहां विपक्षी एकता को आगे बढ़ाने की मुहिम को आगे ले जाने के लिए पहुंचे हैं। गौर करने वाली बात है कि आरजेडी ने खुले तौर पर 2024 के चुनाव में नीतीश कुमार के प्रधानमंत्री पद की दावेदारी का समर्थन कर चुकी है।
दिल्ली रवाना होने से पहले नीतीश कुमार ने लालू प्रसाद यादव, तेजस्वी यादव और राबड़ी यादव से मुलाकात की थी। बता दें कि लालू यादव का स्वास्थ्य पिछले कुछ दिनों से अच्छा नहीं चल रहा है। वह किडनी ट्रांसप्लांट कराने के लिए सिंगापुर जाने वाले वाले हैं। अपने दिल्ली के कार्यक्रम के बारे में नीतीश कुमार ने कहा कि वह राहुल गांधी से मुलाकात करेंगे इसके बाद अन्य विपक्षी नेताओं संग मुलाकात करेंगे। जिस तरह से नीतीश कुमार कांग्रेस को साथ लेकर चलने की बात कर रहे हैं उससे साफ है कि वह तीसरे मोर्चे के पक्ष में नहीं हैं। नीतीश कुमार ने कहा कि हमे एकजुट होकर भाजपा के खिलाफ साथ आने की जरूरत है।












Click it and Unblock the Notifications