नीतीश को है सोनिया के विदेश से आने का इंतजार, थर्ड फ्रंट को लेकर क्या बोले ? जानिए
नई दिल्ली, 7 सितंबर: मोदी सरकार के खिलाफ विपक्षी एकता की मुहिम के तहत बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को एनसीपी चीफ शरद पवार से भी मुलाकात की है। उनका दावा है कि विपक्षी नेताओं का रवैया 2024 के चुनाव में विपक्ष की एकता को लेकर काफी सकारात्मक है और आम चुनावों में अच्छा मुकाबला देखने को मिलेगा। उन्होंने कहा है कि वह आगे भी विपक्ष को एकजुट करने के लिए काम करते रहेंगे, लेकिन वह मेन फ्रंट बनाना चाहते हैं, थर्ड फ्रंट नहीं। नीतीश कुमार पिछले सोमवार से दिल्ली में डेरा हुए हैं और अबतक लगभग सभी प्रमुख विपक्षी नेताओं से मुलाकात कर चुके हैं। उन्होंने विदेश से लौटने के बाद कांग्रेस की अध्यक्ष सोनिया गांधी से भी मिलने की बात कही है।

हम मेन फ्रंट चाहते हैं, थर्ड फ्रंट नहीं- नीतीश
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को कहा है कि 'एक बार सोनिया गांधी विदेश से आ जाती हैं तो मैं उनसे मुलाकात करूंगा। अगर जरूरत होगी तो हम (विपक्षी नेता) फिर से मिलेंगे। सभी का रवैया सकारात्मक था। हम मेन फ्रंट चाहते हैं, थर्ड फ्रंट नहीं। मैं विपक्ष को एकजुट करने का यह काम जारी रखूंगा।' नीतीश कुमार ने पिछले महीने ही बिहार में बीजेपी के साथ गठबंधन तोड़कर राजद की अगुवाई वाले महागठबंधन के साथ सरकार बनाई है, जिसमें कांग्रेस भी शामिल है और उन्हें लेफ्ट पार्टियों और असदुद्दीन ओवैसी की एआईएमआईएम का भी समर्थन हासिल है।

मैं नेता नहीं (विपक्ष का) बनूंगा- नीतीश
उन्होंने फिर कहा है कि 'मैं नेता नहीं बनूंगा, मैं एकता (विपक्ष की) की कोशिश करूंगा। बीजेपी देश पर कब्जा करने की कोशिश कर रही है। अगर सभी मिलकर चुनाव लड़ेंगे तो तस्वीर भिन्न होगी, हम लोग सभी से बातचीत कर रहे हैं।' नीतीश बोले कि 'हम मेन फ्रंट बनाएं, थर्ड फ्रंट नहीं।' उन्होंने कहा कि 2024 का आम चुनाव 'बहुत अच्छा' होगा। 'यह अभी तक एकतरफा मुकाबला रहा है।'

किन नेताओं से मिल चुके हैं नीतीश ?
भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हटाओ मुहिम में नीतीश कुमार अभी तक कांग्रेस नेता राहुल गांधी के अलावा विपक्ष के कई बड़े नेताओं से मिल चुके हैं। इनमें आम आदमी पार्टी के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल, जेडीएस नेता एचडी कुमारस्वामी, सीपीएम महासचिव सीताराम येचुरी, सीपीआई नेता डी राजा, आईएनएलडी के ओम प्रकाश चौटाला और समाजवाादी पार्टी के अखिलेश यादव शामिल हैं। यही नहीं उन्होंने सीपीआईएमएल के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य से भी मुलाकात की है, जिनकी पार्टी का बिहार में अब नीतीश के दल से गठबंधन हो चुका है।












Click it and Unblock the Notifications