Nitin Nabin के लिए बीजेपी का मेगा प्लान, विधायकी से इस्तीफा दे संभालेंगे ये बड़ी जिम्मेदारी
Nitin Nabin News: नितिन नबीन अब बीजेपी के नए अध्यक्ष हैं और उन्होंने दिल्ली दफ्तर में जिम्मेदारी भी संभाल ली है। पार्टी अध्यक्ष बनने के बाद उनकी भूमिका अब पूरी तरह राष्ट्रीय हो गई है। उनके नेतृत्व में ही बीजेपी बंगाल और तमिलनाडु का महत्वपूर्ण चुनाव लड़ेगी। ऐसे में यह कयास लगाए जा रहे हैं कि बढ़ी हुई जिम्मेदारियों को देखते हुए उन्हें उच्च सदन में भेजा जा सकता है।
इससे पहले जेपी नड्डा भी राज्यसभा सांसद ही रहे। माना जा रहा है कि जल्द ही नए बीजेपी प्रेसिडेंट को उच्च सदन भेजा जाएगा। फिलहाल वह बांकीपुर सीट से लगातार चौथी बार विधायक हैं। हालांकि, बीजेपी से जुड़े सूत्रों का कहना है कि अभी सब कुछ विचार-विमर्श के स्तर पर हो रहा है। अंतिम फैसला अगले कुछ हफ्ते में होगा।

Nitin Nabin को राज्यसभा भेजने पर हो रहा विचार
बीजेरी की परंपरा देखें तो तो हर राष्ट्रीय अध्यक्ष को तुरंत संसद भेजने की परंपरा नहीं रही है। निश्चित तौर पर यह नहीं कहा जा सकता है कि उन्हें अध्यक्ष होने की वजह से अपर हाउस भेजा जाएगा। नितिन नबीन ने कार्यभार संभालते ही संगठनात्मक फैसले लेने शुरू कर दिए हैं। पार्टी ने राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े को केरल विधानसभा और चंडीगढ़ मेयर चुनाव का प्रभारी बनाया है। राम माधव को बेंगलुरु और आशीष सेलार को तेलंगाना निगम चुनावों के लिए जिम्मेदारी सौंपी गई है। इससे साफ है कि नबीन अपने नेतृत्व में संगठन को तेजी से सक्रिय करना चाहते हैं। आने वाले दिनों में पार्टी बंगाल-तमिलनाडु समेत दूसरे राज्यों के लिए भी प्रभारी बनाएगी।
PM Modi भी नितिन नबीन को बता चुके हैं अपना बॉस
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नितिन नबीन को अपना बॉस बताते हुए कहा था कि वे पार्टी के कार्यकर्ता हैं और नितिन नबीन अब उनके बॉस हैं। ऐसे में यह सवाल स्वाभाविक है कि फिलहाल बिहार विधानसभा में ही बने रहेंगे या दिल्ली से देश में बीजेपी की राजनीति मजबूत करेंगे। इस साल राज्यसभा की करीब 71 सीटें खाली हो रही हैं, जिनमें से लगभग 30 सीटें बीजेपी के पास हैं। हालिया विधानसभा चुनावों में पार्टी के प्रदर्शन को देखते हुए बीजेपी चुनाव के जरिए कम से कम 33 नेताओं को राज्यसभा भेज सकती है।
झारखंड से राज्यसभा भेजे जा सकते हैं नितिन नबीन
सूत्रों का कहना है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष होने के नाते नितिन नबीन को नई दिल्ली के लुटियंस जोन में सरकारी आवास आवंटित हो चुका है। हालांकि, एक अहम तथ्य यह भी है कि बिहार से फिलहाल राज्यसभा की कोई सीट खाली नहीं हो रही है। जून में झारखंड से एक सीट खाली होने की संभावना है और संयोग से नितिन नबीन का जन्म भी रांची में हुआ था।
सवाल यही है कि क्या वे नवंबर में भारी बहुमत से जीती बांकीपुर विधानसभा सीट इतनी जल्दी छोड़ेंगे। फिलहाल, इस पर अंतिम फैसला पार्टी नेतृत्व के स्तर पर होना बाकी है।












Click it and Unblock the Notifications