गडकरी के निशाने पर आई कांग्रेस, कहा-देश की सबसे पुरानी पार्टी झूठ फैला रही है
नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने रविवार को कांग्रेस द्वारा प्रधानमंत्री और बीजेपी पर की गई टिप्पणी के बाद निशाना साधा है। एनडीटीवी की एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए एक ट्वीट में नितिन गडकरी ने कहा कि 'सस्ती राजनीति' देश की सबसे पुरानी पार्टी की पहचान बन गई है। इससे पहले गडकरी ने जातिवाद को लेकर एक बयान दिया था। नितिन गडकरी कहा था कि जो कोई जातिवाद की बात करेगा, मैं उसकी पिटाई कर दूंगा। केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता के इस बयान को कांग्रेस ने मोदी पर हमला बताया।

गड़करी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि, दुर्भाग्य है कि सस्ती राजनीति ही अब देश की सबसे पुरानी पार्टी की पहचान बन गई है। कांग्रेस की राजनीति अब शब्दों का खेल और झूठ फैलाने तक रह गई है। विद्वेष की राजनीति करने में अब ये पार्टी अपना ही रेकॉर्ड तोड़ रही है और इसी में खुद को धन्य मान रही है।
इससे पहले पिंपरी चिंचवाड़ इलाके में पुनरुत्थान समरसता गुरुकुलम के कार्यक्रम में गडकरी ने कहा कि समाज को आर्थिक और सामाजिक समानता के आधार पर साथ लाना चाहिए। इसमें जातिवाद और सांप्रदायिकता की कोई जगह नहीं होनी चाहिए। गडकरी ने कहा, हम जातिवाद में यकीन नहीं करते हैं। मुझे नहीं पता कि आपके यहां क्या है, लेकिन हमारे पांच जिलों में जातिवाद की कोई जगह नहीं है क्योंकि मैंने सभी को चेतावनी दी हुई है कि अगर कोई जाति की बात करेगा तो मैं उसकी पिटाई कर दूंगा।
गडकरी के इस बयान पर कांग्रेस ने सवाल किया कि, हनुमान जी की जाति बताने वालों को कब पीटेंगे? मध्य प्रदेश कांग्रेस ने अपने अधिकारिक ट्वीट में कहा कि, गडकरी ने फिर किया मोदी और भाजपा पर सीधा हमला : भाजपा नेता नितिन गडकरी ने भाजपा की मूल राजनीति के खिलाफ बयान दिया है, कहा- कोई जातिवाद की बात करेगा तो मै उसकी पिटाई कर दूंगा..! गडकरी जी, हनुमान जी की जाति बताकर वोट माँगने वालों की पिटाई कब करेंगे..?












Click it and Unblock the Notifications