नितिन गडकरी ने नागपुर रैली में खोया आपा, बोले- चिल्लाना बंद कीजिए नहीं तो...
Recommended Video

नई दिल्ली: भाजपा के सीनियर नेता और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी बुधवार को महाराष्ट्र के नागपुर में एक जनसभा को संबोधित करते वक्त नाराज हो गए। दरअसल नितिन गडकरी जब रैली को संबोधित कर रहे थे, उस समय कुछ लोगों ने अलग विदर्भ राज्य के समर्थन में नारे लगाने शुरू कर दिए। नितिन गडकरी ने इस पर नाराजगी जाहिर की और कहा कि अगर वो ये करना जारी रखेंगे तो वो उन्हें बाहर फिंकवा देंगे।

नितिन गडकरी ने खोया आपा
नितिन गडकरी ने बुधवार को नागपुर में रैली को संबोधित किया। इस रैली में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस और पार्टी के कई सीनियर नेता मौजूद थे। अपने भाषण के दौरान गडकरी उस वक्त अपना आपा खो बैठे जब कुछ लोगों ने नारेबाजी शुरू की। भीड़ में मौजूद इन लोगों ने अलग विदर्भ के पक्ष में नारे लगाने शुरू कर दिए और मीडिया के लोगों की तरफ पर्चे फेंके। नितिन गडकरी ने पहले इनसे शांत होने होने के लिए कहा। इसके बाद उन्होंने कहा अगर वो शोर मचाना जारी रखेंगे, तो उन्हें थप्पड़ लगेगा और आपको बाहर निकाल दिया जाएगा। इन सभी को बाहर निकालिए।

देवेंद्र फड़णवीस की तारीफ की
देवेंद्र फड़णवीस ने नितिन गडकरी की तारीफ करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में नागपुर और विदर्भ में चारों तरफ विकास कार्य हो रहे हैं। गडकरी और फड़णवीस दोनों नागपुर से आते हैं। उन दोनों का विचार है कि नागपुर को महराष्ट्र की दूसरी राजधानी बनाया जाए और ये इस क्षेत्र का सबसे बड़ा शहर बने। गडकरी ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि नागपुर को महाराष्ट्र की दूसरी राजधानी के रूप में विकसित किया जाना चाहिए और हम नागपुर और विदर्भ क्षेत्र को एक साथ आगे ले जाना चाहते हैं । उन्होंने कहा कि हम दोनों क्षेत्रों को दुनिया के नक्शे में प्रमुखता से लाना चाहते हैं।

भाजपा-शिवसेना में विदर्भ को लेकर मतभेद
विदर्भ कपास उत्पादन का प्रमुख क्षेत्र है। इसके आस पास एक दर्ज जिले हैं। कई दशकों से अलग राज्य के लिए यहां आंदोलन चल रहा है। भाजपा इस इलाके के बेहतर विकास और कुशल प्रशासन के लिए अलग विदर्भ राज्य का समर्थन करती है। लेकिन उसकी सहयोगी शिवसेना महाराष्ट्र के विभाजन का विरोध करती है।












Click it and Unblock the Notifications