E20 Petrol से क्या आपकी पुरानी गाड़ी को होगा नुकसान? राज्यसभा में नितिन गडकरी ने दिया साफ जवाब
अगर आपकी कार या बाइक 2016 से पहले की है, तो यह खबर आपके लिए काम की है। पिछले कुछ समय से सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा था कि E20 पेट्रोल भरवाने से गाड़ियां खराब हो रही हैं, माइलेज गिर रहा है और इंजन जल्दी जवाब दे रहा है। अब इस पूरे मामले पर केंद्र सरकार ने राज्यसभा में विस्तार से अपनी बात रखी है।
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने साफ किया है कि E20 पेट्रोल से हर गाड़ी को नुकसान नहीं होता। हां, 2005 से लागू और 2016 से पहले बनी कुछ BS-III गाड़ियों में रबर के कुछ पार्ट्स और गैसकेट पर असर पड़ सकता है। लेकिन इसे भी सामान्य सर्विसिंग के दौरान आसानी से बदला जा सकता है।

क्या है पूरा मामला?
राज्यसभा में CPI(M) सांसद ए ए रहीम ने E20 पेट्रोल को लेकर कई सवाल पूछे। उन्होंने जानना चाहा कि क्या इस ईंधन से इंजन की लाइफ कम होती है, माइलेज घटता है, मेंटेनेंस महंगा होता है या गाड़ियों में ब्रेकडाउन की दिक्कत बढ़ती है। इन सवालों के जवाब में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने लिखित जवाब पेश किया और सरकार के पास मौजूद तकनीकी रिपोर्ट का हवाला दिया।
किन गाड़ियों पर पड़ सकता है असर?
सरकार के मुताबिक, 1 अप्रैल 2005 से लागू और 2016 से पहले बनी BS-III गाड़ियों में इस्तेमाल किए गए कुछ रबर पार्ट्स और गैसकेट E20 पेट्रोल के संपर्क में आने पर जल्दी खराब हो सकते हैं। हालांकि इसका मतलब यह नहीं है कि पूरी गाड़ी या इंजन बदलना पड़ेगा।
सरकार ने कहा,
"तकनीकी रिपोर्ट बताती है कि BS-III गाड़ियों में अगर कुछ रबर पार्ट्स या गैसकेट प्रभावित होते हैं, तो उन्हें सामान्य सर्विसिंग के दौरान आसानी से बदला जा सकता है। इंजन में किसी बड़े बदलाव की जरूरत नहीं है।"
रिसर्च में क्या सामने आया?
सरकार ने बताया कि इस विषय पर इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (IOCL), इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ पेट्रोलियम (IIP), देहरादून, सोसाइटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (SIAM) और ऑटोमोटिव रिसर्च एसोसिएशन ऑफ इंडिया (ARAI) ने मिलकर संयुक्त अध्ययन किया था।
इस स्टडी में E20 पेट्रोल को कई तकनीकी मानकों पर जांचा गया। रिपोर्ट में पाया गया कि इस ईंधन से गाड़ी की स्टार्टिंग, चलने की क्षमता, धातु वाले हिस्सों या प्लास्टिक पार्ट्स पर कोई गंभीर असर नहीं दिखा। यानी ज्यादातर वाहनों के लिए E20 तकनीकी तौर पर सुरक्षित पाया गया।
ब्रेकडाउन और मिसफायर पर सरकार की क्या राय है?
सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने दावा किया था कि E20 पेट्रोल भरवाने के बाद गाड़ियां बीच रास्ते बंद हो रही हैं या मिसफायर कर रही हैं। इस पर सरकार का कहना है कि उपलब्ध रिसर्च में ऐसे किसी बड़े या असामान्य ट्रेंड का सबूत नहीं मिला। अध्ययन के दौरान ऐसी कोई व्यापक तकनीकी समस्या सामने नहीं आई, जिससे यह कहा जा सके कि E20 पेट्रोल सीधे तौर पर ब्रेकडाउन की वजह बन रहा है।
क्या E20 पेट्रोल से माइलेज कम हो जाता है?
माइलेज को लेकर भी सरकार ने स्थिति साफ की। नितिन गडकरी ने बताया कि किसी गाड़ी का एवरेज सिर्फ ईंधन से तय नहीं होता। ड्राइविंग स्टाइल, समय पर सर्विसिंग, इंजन ऑयल बदलना, एयर फिल्टर की सफाई, सही टायर प्रेशर, व्हील अलाइनमेंट और AC का इस्तेमाल भी माइलेज पर बड़ा असर डालते हैं। इसलिए हर कम माइलेज का कारण सिर्फ E20 पेट्रोल को नहीं माना जा सकता।
सरकाने कहा,
"माइलेज कई चीजों पर निर्भर करता है। सिर्फ ईंधन बदलने से हर गाड़ी का एवरेज तय नहीं होता। वाहन की देखभाल और चलाने का तरीका भी उतना ही अहम है।"
गाड़ी मालिकों को क्या करना चाहिए?
अगर आपकी गाड़ी 2016 से पहले की BS-III श्रेणी में आती है, तो घबराने की जरूरत नहीं है। बस नियमित सर्विसिंग कराते रहें और अगर रबर पार्ट्स या गैसकेट में घिसावट दिखे तो उन्हें बदलवा दें। सरकार का कहना है कि सामान्य रखरखाव के साथ E20 पेट्रोल का इस्तेमाल किया जा सकता है और इंजन में किसी बड़े बदलाव की जरूरत नहीं पड़ेगी।


Click it and Unblock the Notifications
