मुंबई: नीरव मोदी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, अलीबाग में ढहाया जायेगा अवैध बंगला
मुंबई। देश से फरार चल रहे पीएनबी घोटाले के आरोपी नीरव मोदी के खिलाफ महाराष्ट्र सराकर बड़ी कार्रवाई करने जा रही है। सरकार अलीबाग स्थित नीरव मोदी के अनधिकृत बंगला को जमींदोज करने जा रही है। महाराष्ट्र के पर्यावरण मंत्री रामदास कदम ने मंगलवार को कहा कि रायगढ़ के समुद्री किनारे पर बने नीरव मोदी सहित अन्य अनधिकृत बंगलों, फार्म हाऊस के खिलाफ एक महीने के भीतर धराशायी किया जा सकता है।

पर्यावरण मंत्री रामदास कदम ने मंगलवार को अधिकारियों के साथ समीक्षा बैंठक की। इस बैठक में रायगड़ के समुद्री किनारों पर बने अनधिकृत बंगलों पर कार्रवाई के बारे में चर्चा हुई। यहां नीरव मोदी समेत फिल्मी कलाकारों और उद्योगपतियों के भी बंगले और फार्महाऊस बनाए गए हैं जिनमें अधिकांशतः अवैध हैं। कदम ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक के बाद कहा कि अलीबाग में 121 और मुरुड में 151 अवैध बंगले हैं।
इसमें से अलीबाग में 60 और मुरुड में 50 बंगलों में स्थानीय नागरिक रहते हैं। कुल अनधिकृत बंगलों में अलीबाग में 61 और मुरुड में 101 बंगलों पर अदालत ने स्थगन आदेश दिया है। ये अनधिकृत बंगले, फार्महाउस उद्योगपति, सिनेमा जगत के कलाकारों के हैं।
रायगड़ के किहिम गांव में है नीरव का बंगला
अलीबाग के किहीम गांव में नीरव मोदी का बंगला है। पर्यावरण विभाग के अधिकारियों का कहना है कि सीआरजेड के प्रावधानों के मुताबिक नीरव मोदी का बंगला गिराया जा सकता है। हालांकि राज्य की कैबिनेट ने पहले भी अलीबाग के कुल 202 अनधिकृत बंगलों पर कार्रवाई का निर्णय लिया था। इसके बाद अलीबाग के 69 और मुरुड के 95 लोगों के खिलाफ मामले दर्ज किए गए हैं। इसमें नीरव मोदी का भी बंगला शामिल हैं।
कागजातों की जांच के बाद होगी कार्रवाई
पर्यावरण मंत्री कदम ने कहा कि अवैध बंगला बनाने वालों पर एक लाख रुपए का दंड लगाया जा सकता है। साथ ही, पांच साल की सजा भी हो सकती है। उन्होंने कहा कि एक माह में सभी कागजातों की जांच की जाएगी उसके बाद अवैध बंगलो और फार्महाऊस को जमींदोज करने की प्रक्रिया आरंभ की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications