अब कर्नाटक में बारिश में मचाई तबाही, 9 लोगों की मौत 3 लापता
बेंगलुरु, जुलाई 24: कर्नाटक में पिछले कई दिनों से मूसलाधार बारिश हो रही है। भारी बारिश के चलते कर्नाटक में अब तक नौ लोगों की मौत हो चुकी है और तीन लापता बताए जा रहे हैं। तटीय, मलनाड और उत्तर-आंतरिक इलाकों के कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश जारी हैं। प्रशासन ने निचले इलाकों से कुल 31,360 लोगों को निकाला है, जबकि सरकार द्वारा खोले गए 237 राहत शिविरों में 22,417 लोग को पहुंचाया गया है।

राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार, 45 तालुकों के 283 गांवों में बारिश हुई है, जिससे 36,498 की आबादी प्रभावित हुई है। 22 जुलाई से अब तक हुई मौतों में चार उत्तर कन्नड़ जिले के हैं, दो बेलगावी से और एक-एक चिक्कमगलुरु, धारवाड़ और कोडागु से हैं। उत्तर कन्नड़ में सात स्थानों पर, चिक्कमगलुरु में चार, कोडागु में तीन और शिवमोग्गा और हासन जिलों में एक-एक भूस्खलन हुआ है।
बारिश से संबंधित घटनाओं में 2,600 से अधिक घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं और 78 जानवरों की मौत हो गई है। बारिश और बाढ़ के कारण अनुमानित 58,961 हेक्टेयर कृषि फसलों और 1,962 हेक्टेयर बागवानी फसलों को नुकसान पहुंचा है, जिससे 555 किलोमीटर से अधिक सड़क, 3,500 से अधिक बिजली के खंभे और 342 ट्रांसफार्मर भी क्षतिग्रस्त हो गए हैं। कर्नाटक राज्य प्राकृतिक आपदा प्रबंधन केंद्र के अनुसार, उत्तर कन्नड़, शिवमोग्गा, बेलागवी, हसन, चिक्कमगलुरु, धारवाड़, दक्षिण कन्नड़ और कोडागु जिलों में शनिवार को भारी से भारी बारिश हुई।
शिवमोगा में तीर्थहल्ली तालुक के कुदुमल्लीगे में सबसे अधिक 355 मिमी बारिश हुई। शनिवार को एक ही दिन में प्रदेश के 13 प्रमुख जलाशयों में 59 टीएमसी संचयी प्रवाह प्राप्त हुआ।
मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा ने आज सुबह प्रभावित जिलों के उपायुक्तों से बात की, उन्होंने प्रभारी मंत्रियों को अपने-अपने जिलों में रहने और वहां राहत और बचाव कार्यों की निगरानी करने का निर्देश दिया। वह रविवार को उत्तरी कर्नाटक में बारिश और बाढ़ प्रभावित सीमावर्ती जिले बेलगावी का दौरा करेंगे और वहां की स्थिति का जायजा लेंगे।
सात राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल(एनडीआरएफ) और 15 एसडीआरएफ टीमों के साथ-साथ अग्निशमन और आपातकालीन सेवाओं, एक नौसेना हेलीकॉप्टर और तटरक्षक कर्मियों को राहत और बचाव कार्यों के लिए तैनात किया गया है। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सूत्रों ने बताया कि ग्राम पंचायत की आपदा प्रबंधन टीमें भी काम में लगी हुई हैं।












Click it and Unblock the Notifications