'वो मार देगा तो मार देगा, तुम्हें क्या', बॉयफ्रेंड आसिफ के साथ घूमने गई निमिषा की मौत, आखिरी कॉल का खौफनाक सच
असम के गुवाहाटी से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। गुवाहाटी यूनिवर्सिटी में सोशियोलॉजी की पढ़ाई करने वाली 22 साल की स्टूडेंट निमिषा ठाकुरिया की एक होमस्टे में संदिग्ध हालात में मौत हो गई है। वह अपने बॉयफ्रेंड आसिफ अली (जिसे आशिक अली भी कहा जा रहा है) के साथ वहां रुकी थी। आसिफ का कहना है कि निमिषा ने फांसी लगाई है, लेकिन पुलिस को यह मर्डर का केस लग रहा है।
पुलिस ने आसिफ को गिरफ्तार कर लिया है। शुरुआती जांच में पुलिस को मामला संदिग्ध लगा है और हर एंगल से पड़ताल की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। सीआईडी और फॉरेंसिक टीम ने भी होमस्टे के कमरे की जांच कर सबूत जुटाए हैं। इस बीच निमिषा का एक पुराना चैट सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसने पूरे केस में सनसनी फैला दी है। ऐसे में आइए समझते हैं कि पूरा मामला क्या है।

रात 2 बजे मां को आया वो खौफनाक कॉल, 'ये लोग मुझे मार देंगे'
निमिषा के पिता दीप ठाकुरिया ने पुलिस को एक रोंगटे खड़े करने वाली बात बताई है। शुक्रवार रात करीब 2 बजे निमिषा ने अपनी मां को अचानक फोन किया था।
उसने घबराते हुए कहा,
"मां, इन लोगों ने मुझे पीटा है। मेरे सीने पर मुक्के मारे हैं, मैं बहुत घायल हूं। ये लोग मुझे मार डालेंगे।"
बस इतना बोलते ही फोन कट गया। इसके बाद घरवालों ने लगातार कॉल किया, लेकिन फोन बंद आने लगा। घबराए परिजन पुलिस के पास पहुंचे, जिसके बाद निमिषा की लोकेशन ट्रेस की गई।
परिवार वालों का कहना है कि निमिषा शुक्रवार 25 सितंबर की शाम करीब 5 बजे घर से निकली थी। उसने मां से कहा था कि वो अपनी सहेलियों के साथ यूनिवर्सिटी के हॉस्टल में रुकने जा रही है। रात 10 बजे भी उसने फोन पर यही बात दोहराई थी। उसने दोस्तों के साथ बाहर खाना खाने के नाम पर घर से 2000 रुपये भी लिए थे। घरवालों को बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि वह आसिफ के साथ आजरा इलाके के किसी होमस्टे में है।

कमरे का दरवाजा खुला तो क्या दिखा?
आजरा इलाके के होमस्टे के केयरटेकर बिपुल बाइलुंग ने आंखों देखा हाल बताया है। बिपुल ने कहा,
"रात करीब 2:30 से 3 बजे के बीच एक लड़के के रोने और चिल्लाने की आवाज आई। वो कह रहा था- दादा उठो, जल्दी आओ। जब हम कमरे की तरफ भागे तो देखा कि लड़की जमीन पर बेसुध पड़ी है और लड़का उसकी बॉडी को पकड़कर रो रहा है।"
कर्मचारियों के मुताबिक, दोनों ने कमरा नंबर 10 बुक किया था और रात 9:30 बजे खाना भी ऑर्डर किया था। वे दोनों पहले भी कई बार वहां ठहर चुके थे। पुलिस के मुताबिक, इस महीने दोनों करीब पांच बार वहां आए थे।
गुवाहाटी पुलिस के डीसीपी (वेस्ट) बोलिन देवरी ने बताया कि आसिफ का दावा है कि निमिषा ने छत के पंखे से लटककर जान दी है और उसी ने उसे फंदे से नीचे उतारा। लेकिन पुलिस उसकी इस कहानी पर पूरी तरह यकीन नहीं कर रही है। कमरे की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम और सीआईडी को बुलाया गया है। यहां होमस्टे की बहुत बड़ी लापरवाही भी सामने आई है। बिना किसी वैलिड आईडी प्रूफ के दोनों को कमरा दे दिया गया था, जिसके लिए होमस्टे मालिक पर भी कानूनी एक्शन लिया जा रहा है।
क्या है वायरल चैट का मामला
इस पूरी घटना के बीच सोशल मीडिया पर निमिषा का एक पुराना चैट वायरल हो रहा है। दावा किया जा रहा है कि यह चैट हिंदू रक्षा दल के एक नेता आदित्य बाजीराव मिश्रा के साथ है। आदित्य ने सोशल मीडिया हैंडल @aditya_pandit08 पर स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए बताया है कि उसने निमिषा को काफी पहले आसिफ से दूर रहने की चेतावनी दी थी।
वायरल चैट में जब सामने वाला शख्स निमिषा को समझाता है, तो निमिषा झल्लाते हुए रिप्लाई करती है- "वो मुझे मार देगा तो मार देगा, तुम लोगों का क्या करना है।" आदित्य का कहना है कि अगर उस वक्त निमिषा ने बात मान ली होती, तो आज वो अपने परिवार के साथ जिंदा होती।
हालांकि वनइंडिया हिंदी इन चैट्स की स्वतंत्र पुष्टि नहीं करता है। इसलिए इन्हें फिलहाल जांच में सामने आए तथ्य के तौर पर नहीं, बल्कि सोशल मीडिया पर वायरल दावे के तौर पर ही देखा जाना चाहिए।
मौत के बाद सड़क पर उतरे लोग, 'लव जिहाद' का भी आरोप
निमिषा हिंदू थीं और आसिफ मुस्लिम हैं। इसी वजह से घटना के बाद इलाके में तनाव बढ़ गया। कुछ दक्षिणपंथी संगठनों ने इसे 'लव जिहाद' से जोड़ते हुए प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने एयरपोर्ट की तरफ जाने वाली सड़क को रोक दिया और निष्पक्ष जांच की मांग की। पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर स्थिति संभाली।
हालांकि 'लव जिहाद' से जुड़ा आरोप अभी पुलिस जांच में साबित तथ्य नहीं है। फिलहाल जांच का केंद्र निमिषा की मौत की असली वजह, होमस्टे में उस रात क्या हुआ और आसिफ के बयान की सच्चाई है। निमिषा का अंतिम संस्कार पोस्टमार्टम के बाद शनिवार शाम किया गया। अब पोस्टमार्टम, फॉरेंसिक सबूत, फोन से जुड़ी जानकारी और घटनास्थल की जांच इस केस में आगे की दिशा तय करेंगे।


Click it and Unblock the Notifications
