गिलानी के दामाद के पास से NIA को मिला घाटी में हिंसा फैलाने का मास्टप्लान
श्रीनगर। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने कश्मीर के अलगाववादी नेता सैयद अली शाह गिलानी की ओर से जारी किया गया मास्टर प्लान यानी कैलेंडर बरामद किया है। इस कैलेंडर पर गिलानी के दस्तखत भी हैं। कैलेंडर बरामद होने के बाद एक बार फिर से उजागर हुआ है कि पाकिस्तानी हैंडलर्स के जरिए कश्मीर में हिंसा और अशांति फैलाने में अलगाववादियों की भूमिका है। NIA को जो कैलेंडर मिला है उसमें उन तारीखों का जिक्र है जिस दिन घाटी में विरोध प्रदर्शन किया जाना है।

विरोध का यह कैलेंडर NIA को गिलानी के दामाद अल्ताफ अहमद शाह फंटूस के पास से बरामद हुआ है। इस कैलेंडर में गिलानी ने 6 अगस्त को लोगों से इकट्ठा होने के लिए कहा था। इसके साथ ही उनसे मस्जिदों में इस्लामिक और 'आजादी के तराने' गाने के लिए कहा था। एनआईए को जो कैलेंडर बरामद हुआ है वो अगस्त 2016 का है।
यही था वो वक्त जब...
यह वही समय था जिस वक्त जम्मू और कश्मीर में सबसे ज्यादा विरोध प्रदर्शन के साथ पत्थरबाजी की घटनाएं हुई थीं। कैलेंडर में 8 अगस्त को श्रीनगल सचिवालय के रास्तों को ब्लॉक करने और फिर 9 अगस्त को आजादी के तराने गाने के लिए कहा गया था।
इससे पहले एनआईए) ने रविवार को जम्मू में अलगाववादी नेता सैयद अली गिलानी के एक करीबी बिजनेसमैन के घर छापा मारा था। छापेमारी के कुछ देर बाद एनआईए ने इस बिजनेसमैन को हिरासत में ले लिया। एनआईए को इस बिजनेसमैन पर आतंकवादियों को आर्थिक सहायता देने का शक है।
बिजनेसमैन के यहां से बरामद हुए ये सामान
मिली जानकारी के मुताबिक एनआईए ने रविवार को बिजनेसमैन देवेन्द्र सिंह बहल के जम्मू के बक्शी नगर इलाके में बने घर पर छापेमारी की। एनआईए ने देवेन्द्र सिंह बहल के घर से 4 मोबाइल फोन, 1 टैबेलट, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और वित्तीय कागजात बरामद किए गए हैं। इस दौरान वहां मौजूद स्थानीय लोग एनआईए की टीम के समर्थन में भारत माता की जय के नारे लगा रहे थे। छापेमारी के बाद एनआईए ने देवेन्द्र सिंह बहल को हिरासत में ले लिया।












Click it and Unblock the Notifications