सचिन वाजे के सहयोगी रियाज काजी को 5 दिन की NIA हिरासत, CBI ने देशमुख के सहायकों को किया तलब
NIA ने सचिन वाजे के सहयोगी रियाज काजी को किया गिरफ्तार, CBI ने देशमुख के सहायकों को किया तलब
मुंबई: मुकेश अंबनी के घर एंटीलिया के बाहर विस्फोटक रखने के मामले और मनसुख हिरेन की हत्या केस में गिरफ्तार सचिन वाजे को कोर्ट ने अब जेल भेज दिया है। इस केस की जांच कर रही राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने सचिन वाजे के सहयोगी एपीआई रियाज काजी को रविवार (11 अप्रैल) को गिरफ्तार किया है। इसकी जानकारी एनआईए के अधिकारियों ने दी है। रियाज काजी को एनआईए ने आज स्पेशल हॉलीडे कोर्ट में पेश किया जहां से उसे 5 दिनों यानी 16 अप्रैल तक के लिए केंद्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की हिरासत में भेज दिया गया है। उधर, एनआईए की 27 दिन की कस्टडी के बाद शुक्रवार (09 अप्रैल) को सचिन वाजे को जेल भेजा गया है। एनआईए ने कोर्ट से खुद ही कहा है कि उनको अब सचिन वाजे से पूछताछ करने की जरूरत नहीं है। सूत्रों के मुताबिक एंटीलिया केस की जांच एनआईए ने लगभग पूरी कर ली है।

Recommended Video
दूसरी ओर मुंबई के पूर्व पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह द्वारा महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख पर लगाए गए भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) कर रही है। इस मामले में सीबीआई ने रविवार को अनिल देशमुख के दो निजी सहायकों को उनके बयान दर्ज करने के लिए बुलाया है। परमबीर सिंह ने अनिल देशमुख पर आरोप लगाया है कि अनिल देशमुख सचिन वाजे से हर महीने 100 करोड़ रुपए वसूली के लिए बोलते थे। हालांकि अनिल देशमुख ने अपने ऊपर लगे आरोपों को गलत बताया है।
मामले में सीबीआई जांच के आदेश हाईकोर्ट ने दिए हैं। हालांकि महाराष्ट्र सरकार और अनिल देशमुख ने बॉम्बे हाई कोर्ट के सीबीआई जांच वाले फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी। लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने अनिल देशमुख की याचिका खारिज कर दी है।
मुंबई के पूर्व पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह द्वारा अनिल देशमुख और सचिन वाजे का नाम लेने के बाद एनआईए और सीबीआई की जांच एक-दूसरे से आपस में जुड़ गई है।
इसलिए सचिन वाजे को जेल भेजने से पहले शुक्रवार को सीबीआई ने एनआईए दफ्तर जाकर अनिल देशमुख केस में सचिन वाजे से बयान लिया था। सचिन वाजे से सीबीआई ने तीन घंटे पूछताछ की थी। एनआईए ने सचिन वाजे की डायरी और अन्य डिजिटल सबूत भी सीबीआई के साथ साझा किए हैं।












Click it and Unblock the Notifications