NIA ने खालिस्तानी आतंकी गुरजीत सिंह निज्जर को दिल्ली एयरपोर्ट से किया गिरफ्तार
नई दिल्ली। एनआई(NIA) ने बुधवार को भगोड़े खलिस्तानी आतंकवादी (Khalistani Terrorist) गुरजीत सिंह निज्जर (Gurjeet Singh Nijjar) को दिल्ली एयरपोर्ट पर अरेस्ट कर लिया। गुरजीत सिंह निज्जर को पुणे खालिस्तान केस में गिरफ्तार किया गया है। उसे भारत सरकार ने साइप्रस से प्रत्यर्पित किया है। निज्जर पर 120B, 124A और 153A के तहत मामला दर्ज है।

खालिस्तानी आतंकवादी गुरजीत सिंह निज्जर 2017 में भारत से फरार होकर यूरोप चला गया था। वह पिछले कई महीनों से साइप्रस में रह रहा था। उसके खिलाफ महाराष्ट्र के पुणे में आपराधिक मुकदमा दर्ज है। एनआईए निज्जर को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर मुंबई जा रही है जहां उसे विशेष अदालत के सामने पेश किया जाएगा। एनआईए पूछताछ के लिए कोर्ट से रिमांड की अपील करेगी।
निज्जर महाराष्ट्र के पुणे में एक आपराधिक मामले में शामिल था और इस मामले में एनआईए ने अन्य आरोपियों के साथ गुरजीत सिंह के खिलाफ भी आरोपपत्र कोर्ट में दायर किया था। उस पर आतंकी वारदातों को भड़काने का आरोप है। मामले के मुताबिक आरोपी गुरजीत सिंह, हरपाल सिंह और मोइन खान सोशल मीडिया के प्लेटफार्म पर सक्रिय थे और खालिस्तान को अलग राज्य बनाने की मांग को लेकर आतंकवाद को पुनर्जीवित करने के लिए इन लोगों ने आपराधिक साजिश रची थी
एनआईए ने एक हरपाल सिंह के खिलाफ शस्त्र अधिनियम, महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम और गैरकानूनी गतिविधि (रोकथाम) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया था। सिंह और मोइन खान योजना का हिस्सा थे, जिसमें निज्जर मुख्य साजिशकर्ता रहा था। एजेंसी की रिपोर्टों के अनुसार, तिकड़ी ने सक्रिय रूप से तस्वीरें पोस्ट की, वीडियो विज्ञापन में जगत्तार सिंह हवारा (पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह की हत्या में एक दोषी), ऑपरेशन ब्लू स्टार सहित अन्य आतंकवादियों का महिमामंडन किया है।












Click it and Unblock the Notifications