'कृपाण देख, गुरुग्राम में एक रेस्टोरेंट वाले ने कहा No एंट्री', NGO निदेशक का दावा, सुखबीर सिंह भी भड़के
एक गैर सरकारी संगठन हेमकुंट फाउंडेशन के निदेशक हरतीरथ सिंह अहलूवालिया ने आरोप लगाया है कि हरियाणा के गुरुग्राम में एक रेस्टोरेंट ने उन्हें सिख धर्म में एक धार्मिक लेख 'कृपाण' के कारण प्रवेश से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि रेस्टोरेंट वालों ने मेरे साथ कृपाण देखकर, रेस्टोरेंट में अंदर जाने से मना कर दिया।
NGO निदेशक हरतीरथ सिंह अहलूवालिया ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर रेस्टोरेंट वालों के साथ बात करते हुए वीडियो और अपना अनुभव शेयर किया है। इस पूरी बात को जानने के बाद अकाली मुखिया सुखबीर सिंह बादल ने उचित कार्रवाई करने की बात कही है।

हरतीरथ सिंह अहलूवालिया ने इंस्टाग्राम पर अपने पोस्ट में लिखा, ''कल रात जलसा में, जहां मैं मोमोज खाने जाता हूं, वहां कुछ ऐसा हुआ, जिसपर मुझे विश्वास नहीं हो रहा है। उन्होंने केवल मेरी कृपाण के कारण मुझे रेस्टोरेंट के अंदर जाने नहीं दिया। यह 21वीं सदी है, और गुरुग्राम जैसे शहर का ये हाल है। ये आश्चर्यजनक है कि कैसे कुछ लोग और स्थान अभी भी भेदभाव करते हैं।''
'ये कृपाण है, तलवार नहीं...'
इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए वीडियो में हरतीरथ सिंह अहलूवालिया को कथित तौर पर जलसा के एक कर्मचारी से यह कहते हुए सुना जा सकता है कि, ''आपने भेदभाव किया है, तभी ये वीडियो बना रहा हूं... कृपाण है, ये तलवार नहीं है।''
एक अन्य पोस्ट में हरतीरथ सिंह अहलूवालिया ने लिखा, ''भारतीय संविधान और उड़ान सर्विस के नियम में भी कृपाण ले जाना का पूरा अधिकार दिया गया है। फिर भी इस तरह के रेस्टोरेंट वाले ऐसा सोचते हैं। अजनबियों, जो मुझे पहचानते भी नहीं है, उन्होंने मेरा मेरा समर्थन किया। मेरे बोलने के बाद मुझे अंदर तो जाने दिया गया लेकिन भोजन देने से उन्होंने मना कर दिया।''
उन्होंने कहा, ''आइए, ऐसे प्रतिष्ठानों के लिए समय के साथ तालमेल बिठाने का समय आ गया है। हम जिस विविध समाज में रहते हैं उसमें भेदभाव का कोई स्थान नहीं है...।'' हालांकि जलसा ने अभी तक आरोपों का जवाब नहीं दिया है।
वहीं शिरोमणि अकाली दल के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि ये एक परेशान करने वाली घटना है। उन्होंने गृह मंत्रालय से यह सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक निर्देश जारी करने का आग्रह किया कि ऐसे कृत्य दोबारा न हों।












Click it and Unblock the Notifications