#StormAlert :उत्तराखंड और हिमाचल की ओर तूफान ने किया रुख, अगले 24 घंटे रहना होगा सचेत
नई दिल्ली। मौसम विभाग के नए अपडेट के मुताबिक अब तूफान ने उत्तराखंड और हिमाचल की ओर रूख किया है और इसलिए अगले 24 घंटों तक काफी एलर्ट रहने की जरूरत है। मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली भी अभी पूरी तरह से तूफान के खौफ से मुक्त नहीं है। अभी भी दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, राजस्थान, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर समेत उत्तर भारत के बड़े हिस्से में तूफान आने की पूरी संभावना है, विभाग ने हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिम उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 50 से 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तूफान आने की आशंका जाहिर की है।

इस दौरान उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है, इसके मद्देनजर विभाग ने स्थानीय प्रशासन को आपदा संबंधी तैयारियां मुकम्मल रखने का एलर्ट भी जारी किया है।
उत्तर भारत में आंधी-तूफान ने कहर ढाया
गौरतलब है कि एक बार फिर से पूरे उत्तर भारत में आंधी-तूफान ने कहर ढाया है, सोमवार रात दिल्ली-एनसीआर में काफी तेज हवाएं चलीं । तेज आंधी के कारण उत्तर भारत में कई जगह पेड़ गिर गए तो यातायात को भी काफी नुकसान हुआ, जिसे जन-जीवन बुरी तरह से प्रभावित हुआ। तूफान के चलते होने वाले नुकसान से बचने के लिए दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, हरियाणा और मेरठ में कई स्कूल आज के दिन बंद हैं।
पश्चिम बंगाल और सिक्किम की ओर होगा तूफान का रूख
मौसम विभाग के मुताबिक 9 मई यानी बुधवार को तूफान पश्चिम बंगाल और सिक्किम की ओर बढ़ जाएगा। इसके अलावा पूर्वोत्तर के अन्य राज्यों असम, मेघालय, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी 50 से 70 किमी प्रतिघंटे की गति से तूफान कहर बरपा सकता है। असम और मेघालय में भारी बारिश की भी संभावना है।












Click it and Unblock the Notifications