यूपी विधानसभा चुनाव को लेकर सपा सुप्रीमो का बड़ा ऐलान, राहुल का पीएम से सवाल, पढ़ें बड़ी खबरें...
समाजवादी पार्टी के मुखिया मुलायम सिंह यादव ने उत्तर प्रदेश चुनाव की तारीखों की घोषणा को लेकर बड़ा बयान दिया है। मुलायम सिंह ने कहा कि चुनाव 28 फरवरी से पहले होगा।
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज होती जा रही हैं। इस बीच समाजवादी पार्टी ने अपने 325 उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया। समाजवादी पार्टी के मुखिया मुलायम सिंह यादव ने यूपी चुनाव को लेकर बड़ा ऐलान किया है। इस बीच दिल्ली में नए उपराज्यपाल का नाम सामने आ गया है। अनिल बैजल को दिल्ली का उपराज्यपाल बनाया गया है। नोटबंदी पर घमासान जारी है। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इसको लेकर कुछ सवाल पूछे हैं। हालांकि उन्हें बीजेपी की ओर से जवाब भी दिया गया है। इस बीच चेन्नई में एआईएडीएमके कार्यालय में जोरदार हंगामा देखने को मिला। डीएमके की राज्यसभा सांसद शशिकला पुष्पा के पति और वकील से मारपीट की गई है। पढ़िए दिनभर की बड़ी खबरें...

पढ़ें, दिनभर की बड़ी खबरें

सपा उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी, मुलायम सिंह यादव ने किया बड़ा ऐलान
समाजवादी पार्टी के मुखिया मुलायम सिंह यादव ने उत्तर प्रदेश चुनाव की तारीखों की घोषणा को लेकर बड़ा बयान दिया है। मुलायम सिंह ने कहा कि चुनाव 28 फरवरी से पहले होगा। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि यह चुनाव आपका है, जो उत्तर प्रदेश जीतता है वह दिल्ली जीतता है। ऐसे में आपको अपनी पूरी कमर कसकर इसके लिए जुट जाना है। उन्होंने कहा कि पार्टी के टिकट के लिए 400 से अधिक लोगों ने आवेदन किया था। सपा सुप्रीमो ने कहा कि आगामी चुनाव के मद्देनजर हमने 325 उम्मीदवारों के नाम की घोषणा कर दी है, जबकि 78 बची हुई सीटों पर जल्द घोषणा की जाएगी। गठबंधन पर बोलते हुए मुलायम सिंह ने कहा कि समाजवादी पार्टी का किसी से कोई गठबंधन नहीं होगा। वहीं अखिलेश यादव पर उन्होंने कहा कि वह जहां से चाहे वहां से चुनाव लड़ सकते हैं।

नोटबंदी पर राहुल गांधी ने पीएम नरेंद्र मोदी से पूछे ये सवाल
नोटबंदी के फैसले को लेकर कांग्रेस पार्टी का मोदी सरकार पर हमले का दौर जारी है। लगातार कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साध रहे हैं। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने मोदी सरकार से बुधवार को फिर से सवाल किए हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से पूछा है कि आखिर 8 नवंबर के बाद कुल कितना काला धन सामने आया है, इसकी जानकारी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देनी चाहिए। नोटबंदी के बाद देश को कितना आर्थिक नुकसान हुआ? राहुल गांधी ने पूछा कि आखिर नोटबंदी के दौरान कितने लोगों की मृत्यु हुई, उन्हें मुआवजा मिला या नहीं। राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री से पूछा कि आखिर आपने नोटबंदी का फैसला किससे पूछ के लिया। कांग्रेस उपाध्यक्ष ने पूछा कि 8 नवंबर से दो महीने पहले किन-किन लोगों ने 25 लाख रुपये से ज्यादा की रकम बैंकों में जमा किया। इस बात की जानकारी सरकार को मुहैया करानी चाहिए।

राहुल के सवालों पर बीजेपी ने किया पलटवार
राहुल गांधी के सवालों पर बीजेपी नेता श्रीकांत शर्मा ने पलटवार किया। श्रीकांत शर्मा ने कहा कि आपकी जुबान जहरीली हो गई, आपकी पार्टी का केजरीवालीकरण हो गया है। आप संसद क्यों नहीं चलने दे रहे हैं। बीजेपी नेता ने कहा कि राहुल जो कह रहे हैं, वो उनकी बौखलाहट है। विजय माल्या कांग्रेस के मित्र हैं। उन्होंने कहा कि राहुल चोरों को बचाना चाहते हैं। कांग्रेस मौतों की राजनीति करती है और जलती चिताओं पर राजनीति की रोटी सेंकती है। श्रीकांत शर्मा ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री पर आरोप लगाने का पुराना इतिहास राहुल गांधी का रहा है। वो झूठ का ढोल पीट रहे हैं। अगस्ता वेस्टलैंड मामले का जिक्र करते हुए श्रीकांत शर्मा ने कहा कि इसकी जांच आपके घर की चौखट पर जा पहुंची है। कांग्रेस बताए कि 2जी और कॉमनवेल्थ घोटाले में 'मोटा माल' किसने खाया? उन्होंने पलटवार करते हुए कहा कि राहुल गांधी जवाब दें कि कांग्रेस के कार्यकाल में ढाई लाख किसानों ने आत्महत्या क्यों की?

पुराने नोट रखने वालों पर लगेगा जुर्माना, हो सकती है जेल
चंद दिनों में पुराने नोटों को बैंकों से बदलने की आखिरी तारीख 30 दिसंबर को खत्म हो जाएगी। हालांकि, अगर आप इस समयावधि में भी पैसे नहीं बदला सकेंगे तो आपको 1 जनवरी 2017 से 31 मार्च 2017 तक भारतीय रिजर्व बैंक से अपने पुराने नोट बदलवाने होंगे। लेकिन अगर उसके बाद भी आप अपने पास पुराने नोट रखते हैं तो आप मुसीबत में पड़ सकते हैं। कैबिनेट ने बुधवार को यह अध्यादेश जारी कर दिया है कि अगर 31 मार्च के बाद भी किसी के पास से पुराने नोट पाए जाते हैं तो उसे भारी जुर्माना झेलना पड़ सकता है और जेल की हवा भी खानी पड़ सकती है। सरकार के अध्यादेश के मुताबिक जिन लोगों के पास 10 से अधिक पुराने 500 या 1000 रुपए के नोट होंगे, उन्हें ही परेशानी होगी।

दिल्ली के नए उपराज्यपाल बनाए गए अनिल बैजल
नजीब जंग के इस्तीफे के बाद अनिल बैजल को दिल्ली का नया उपराज्यपाल बनाया गया है। आपको बता दें कि दिल्ली के नए उपराज्यपाल के लिए अनिल बैजल का नाम दो दिन पहले ही राष्ट्रपति भवन भेज दिया गया था और अब इसे मंजूरी मिल गई है। उल्लेखनीय है कि अनिल बैजल अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में गृह सचिव रहे हैं। इससे पहले वो डीडीए (दिल्ली विकास प्राधिकरण) में भी रह चुके हैं और भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई में प्रखर रहे हैं। वह विवेकानंद इंटरनेशनल फाउंडेशन में एक्जीक्यूटिव काउंसिल से भी जुड़े रहे हैं। मोदी शासन में इस संस्था से जुड़े कुछ लोगों को सरकार में जगह मिली है। इससे पहले बैजल का नाम तब सुर्खियों में आया था जब उन्हें जम्मू-कश्मीर के राज्यपाल बनाने की बात चली थी।

शशिकला पुष्पा के पति और वकील की पिटाई
तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में एआईएडीएमके हेडक्वार्टर के बाहर जोरदार हंगामा देखने को मिला है। बताया जा रहा है कि एआईएडीएमके समर्थकों ने पार्टी की सांसद शशिकला पुष्पा के पति लिंगेश्वर थिलागन और उनके वकील के पार्टी हेडक्वार्टर पहुंचने पर उनकी पिटाई कर दी। उन्हें गंभीर चोटें आई हैं। इस बीच पुलिस ने बीच-बचाव करके हालात को काबू किया। जानकारी के मुताबिक शशिकला पुष्पा के पति और उनके वकील एआईएडीएमके पार्टी की जनरल काउंसिल की बैठक में राज्यसभा सांसद शशिकला पुष्पा का पार्टी महासचिव पद के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने पहुंचे थे। इसी दौरान ये पूरा वाक्या सामने आया। बता दें कि गुरुवार को पार्टी की जनरल काउंसिल की बैठक में पार्टी महासचिव का चुनाव होना है।

पटरी से उतरे सियालदाह-अजमेर एक्सप्रेस के 15 डिब्बे, 2 की मौत
यूपी के कानपुर बुधवार सुबह बड़ा रेल हादसा सामने आया जब सियालदाह-अजमेर एक्सप्रेस के 15 डिब्बे पटरी से उतर गए जिसमें 2 लोगों की मौत हो गई जबकि 50 के करीब लोग घायल बताए जा रहे हैं। घटना सुबह 5:30 बजे की है, कानपुर देहात के रुरा स्टेशन के पास अजमेर-सियालदह एक्सप्रेस के 15 डिब्बे पटरी से उतर गए। रेल मंत्री सुरेश प्रभु ने हादसे की जांच के आदेश दे दिए। प्रभु ने ट्वीट कर कहा कि कानपुर के पास अजमेर-सियालदह एक्सप्रेस के पटरी से उतरने की दुर्भाग्यपूर्ण घटना के मद्देनजर स्थिति पर निजी तौर पर निगरानी रख रहा हूं। रेल मंत्री ने कहा कि घायलों को मुआवजा दिया जाएगा। सभी यात्रियों को हर प्रकार की सुविधा मुहैया कराई जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications