Gyanesh Kumar ने संभाला मुख्य चुनाव आयुक्त का पदभार, कहा- मतदान है राष्ट्र निर्माण के लिए पहला कदम
Gyanesh Kumar: नवनियुक्त मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने बुधवार 19 फरवरी की सुबह अपना भारतीय चुनाव आयोग पहुंचे और पदभार संभाला। पदभार संभालने के बाद ज्ञानेश कुमार ने कहा, 'राष्ट्र निर्माण के लिए पहला कदम मतदान है।' बता दें कि कानून मंत्रालय ने सोमवार देर रात एक गजट नोटिफिकेशन जारी किया था।
नोटिफिकेशन में बताया था कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को देश का अगला मुख्य चुनाव आयुक्त नियुक्त किया है। इतना ही नहीं, नोटिफिकेशन में बताया गया था कि हरियाणा के मुख्य सचिव डॉ. विवेक जोरी को चुनाव आयुक्त नियुक्त किया है। मुख्य चुनाव आयुक्त के तौर पर ज्ञानेश कुमार का कार्यकाल 26 जनवरी, 2029 तक रहेगा।

पदभार संभालने के बाद ज्ञानेश कुमार ने कहा, 'राष्ट्र निर्माण के लिए पहला कदम मतदान है। इसलिए भारत का हर नागरिक जो 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुका है, उन्हें मतदाता जरूर बनना चाहिए और मतदान जरूर करना चाहिए। भारत के संविधान, चुनावी कानूनों, नियमों और उसमें जारी निर्देशों के अनुसार चुनाव आयोग मतदाताओं के साथ था, है और रहेगा।'
जानिए कौन हैं ज्ञानेश कुमार?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ज्ञानेश कुमार 1988 बैच के केरल कैडर के आईएएस अधिकारी हैं। उन्होंने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) कानपुर से सिविल इंजीनियरिंग में बीटेक किया है। इतना ही नहीं, उन्होंने आईसीएफएआई में बिजनेस फाइनेंस और अमेरिका के हार्वर्ड विश्वविद्यालय के एचआईआईडी में पर्यावरण अर्थशास्त्र की पढ़ाई की।
ज्ञानेश कुमार ने अपने कार्यकाल के दौरान जम्मू-कश्मीर में संविधान के अनुच्छेद 370 के कुछ प्रावधानों को निरस्त किए जाने के बाद निर्णय को लागू करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। इसके बाद 15 मार्च, 2024 को निर्वाचन आयुक्त के रूप में कार्यभार संभाला था। इतना ही नहीं, केरल सरकार के सचिव के रूप में वित्त संसाधन, फास्ट-ट्रैक और लोक निर्माण विभाग जैसे कई विभागों को संभाला।
भारत सरकार में उन्हें रक्षा मंत्रालय में संयुक्त सचिव, गृह मंत्रालय में संयुक्त सचिव एवं अतिरिक्त सचिव समेत कई मंत्रालयों में सचिव के रूप में काम किया। वहीं, अब ज्ञानेश कुमार 26वें मुख्य निर्वाचन आयुक्त के रूप में इस साल के अंत में बिहार विधानसभा चुनाव और 2026 में केरल, पुडुचेरी, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों की जिम्मेदारी संभालेंगे।












Click it and Unblock the Notifications