नई दिल्ली से झांसी जा रही ताज एक्सप्रेस के AC कोच में लगी आग, फरीदाबाद से आगे गाड़ी को रोक बुझाई आग
नई दिल्ली, 13 नवंबर। राजधानी दिल्ली से रवाना होकर उत्तर प्रदेश के झांसी जा रही ताज एक्सप्रेस में एक बड़ा हादसा होने से बच गया है। दरअसल, शनिवार सुबह नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से रवाना हुई इस ट्रेन के एक एसी कोच में आग लग गई। हालांकि आग का तुरंत पता लगा लिया गया, जिसके बाद ट्रेन को फरीदाबाद से थोड़ा आगे असावटी स्टेशन पर रोककर गैल सिलेंडर की मदद से तुरंत आग पर काबू पा लिया गया।

फरीदाबाद से आग असावटी स्टेशन पर रोकी गई ट्रेन
रेलवे अधिकारियों की तरफ से दी गई जानकारी के मुताबिक, ट्रेन संख्या 04062 ताज एक्सप्रेस शनिवार सुबह 7 बजे के करीब नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से रवाना हुई। ये ट्रेन साढ़े सात के आसपास फरीदाबाद पहुंची। फरीदाबाद के बाद ट्रेन को सीधा मथुरा रोकना था, लेकिन D7 कोच के ब्रेक जाम होने की वजह से कोच के नीचे के हिस्से में आग लग गई। पौने आठ बजे के करीब ट्रेन को बलभगढ़ के बाद असावटी स्टेशन पर रोका गया और अग्निशमन यंत्र के जरिए आग को तुरंत बुझा लिया गया।
स्टेशन मास्टर ने देखा ट्रेन से निकल रहे धुंए को
रेलवे के एक अधिकारी ने बताया है कि स्टेशन मास्टर के द्वारा ट्रेन के नीचे से निकल रहे धुंए को देखा गया, जिसके बाद उसने प्याला स्टेशन मास्टर को इसकी सूचना दी। इसके बाद ट्रेन को असावटी में प्लेटफार्म नंबर-4 पर सुबह 7:53 पर रोका गया।
गहन जांच के बाद दोबारा रवाना हुई ट्रेन
नॉर्दन रेलवे मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) दीपक कुमार ने कहा है, "ब्रेक जाम होने के कारण आग लग गई थी, जिसकी वजह से धुआं निकल रहा था। हजरत निजामुद्दीन-पलवल सेक्शन के बीच असावटी स्टेशन पर ट्रेन को रोककर आग को बुझा लिया गया है और सभी यात्री सुरक्षित हैं।" काफी देर तक गहन जांच के बाद ट्रेन को फिर से साढ़े आठ बजे के करीब रवाना किया गया।












Click it and Unblock the Notifications