शादी के बाद इस वजह से ट्रोल हो गईं नेहा कक्कड़, लेकिन फिर दिया ये करारा जवाब
नेहा कक्कड़ की शादी को लेकर कुछ लोग उन्हें ट्रोल कर रहे थे, जिसपर नेहा ने अब जवाब दिया है।
नई दिल्ली। बॉलीवुड की मशहूर सिंगर नेहा कक्कड़ इन दिनों अपनी शादी को लेकर सुर्खियों में हैं। बीते 24 अक्टूबर को नेहा अपने ब्वॉयफ्रेंड रोहनप्रीत सिंह के साथ शादी के बंधन में बंध गई और इसके बाद से ही सोशल मीडिया पर उनकी तस्वीरें छाई हुई हैं। नेहा कक्कड़ ने खुद अपने इंस्टाग्राम पर पति रोहनप्रीत सिंह के साथ बेहद खूबसूरत तस्वीरें शेयर की हैं, जिनपर उनके फैंस उन्हें बधाई दे रहे हैं। हालांकि शादी में नेहा कक्कड़ ने जो ड्रेस पहनीं, उसे लेकर कुछ लोग उन्हें सोशल मीडिया पर ट्रोल भी कर रहे हैं। अब नेहा कक्कड़ ने ऐसे लोगों को करारा जवाब देकर उनकी बोलती बंद कर दी है।

'सब्यसाची का लहंगा पहनने के लिए लोग मरे जाते हैं'
दरअसल, नेहा कक्कड़ ने अपनी शादी में जो ड्रेस पहनीं थी, वो अनुष्का शर्मा, दीपिका पादुकोण और प्रियंका चोपड़ा की शादी वाली ड्रेस से मैच कर रहीं थी। इसे लेकर लोगों ने सोशल मीडिया पर नेहा कक्कड़ को ट्रोल किया और उन्हें कॉपीकैट बताया। अब नेहा कक्कड़ ने ऐसे लोगों को जवाब देने के लिए इंस्टाग्राम पर अपनी एक तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, 'लोग अपनी लाइफ में कम से कम एक बार सब्यसाची का लहंगा पहनने के लिए मरे जाते हैं और हमें खुद सब्यसाची ने वो आउटफिट गिफ्ट किए हैं। सपने सच तो होते हैं लेकिन अगर आप कड़ी मेहनत करते हैं तो वो और खूबसूरत बन जाते हैं। थैंक यू माता रानी, शुक्र है वाहे गुरु जी।'

'फोटोशूट को लेकर भी किया ट्रोल'
ट्विटर और इंस्टाग्राम पर यूजर्स ने सबसे पहले नेहा को उनके लाल रंग के लहंगे के लिए ट्रोल किया, और कहा कि वो वैसा ही दिख रहा है, जैसा प्रियंका चोपड़ा ने दिसंबर 2018 में अपनी शादी में पहना था। इसके बाद नेहा कक्कड़ ने अपनी शादी में जो दूसरी ड्रेस पहनी, उसे यूजर्स ने अनुष्का शर्मा की शादी के समय की ड्रेस से मेल खाता हुआ बताया। वहीं, नेहा और रोहनप्रीत ने फोटोशूट के लिए जिस तरह का पोज दिया, उसपर यूजर्स ने कहा कि ऐसा ही पोज अनुष्का और विराट कोहली ने अपनी शादी में दिया था।

'अरे मैडम...कुछ तो ऑरिजनल कीजिए'
और, इन सबके बाद नेहा कक्कड़ के रिसेप्शन की तस्वीरें आईं, जिनमें उन्होंने सिर पर घूंघट रखते हुए सफेद रंग का लहंगा पहना हुआ था। नेहा कक्कड़ के इस लुक ने लोगों को दीपिका पादुकोण के रिसेप्शन की याद दिला दी। नेहा की तस्वीरों पर कुछ यूजर्स ने कमेंट करते हुए लिखा कि उन्होंने अपनी शादी में बॉलीवुड की मशहूर सेलिब्रिटीज को फॉलो किया है। एक यूजर ने नेहा की फोटो पर प्रतिक्रिया दी, 'गानों का रीमेक तो ठीक है, लेकिन शादी की ड्रेस भी...??' एक अन्य यूजर ने लिखा, 'अरे मैडम...कुछ तो ऑरिजनल कीजिए प्लीज।'

बचाव में आए नेहा के फैंस
वहीं, नेहा के फैंस ने उनका बचाव किया। उनके एक फैंस ने लिखा, 'कुछ लोग नेहा कक्कड़ को अनुष्का, प्रियंका और दीपिका पादुकोण जैसी ड्रेस पहनने के लिए ट्रोल कर रहे हैं... हर दुल्हन का सपना होता है कि वो अपनी शादी में कैसी दिखना चाहती हैं और वो किसी ना किसी के लुक से प्रेरित होता ही है। इस बात के लिए उन्हें ट्रोल करना बहुत गलत है।'

कौन हैं नेहा के पति रोहनप्रीत सिंह
रोहनप्रीत सिंह एक पंजाबी सिंगर के साथ-साथ एक्टर भी हैं। रोहनप्रीत सिंह ने अपने सिंगिग करियर की शुरुआत 2007 में 'सा रे गा मा पा लिटिल चैम्प्स' से की थी। इसके अलावा वो कलर्स टीवी के सिंगिंग शो 'राइजिंग स्टार-2' में भी नजर आ चुके हैं और उस समय दिलजीत दोसांझ ने उन्हें अपना फेवरेट कंटेस्टेंट बताया था। नेहा कक्कड़ ने शादी से पहले खुद इंस्टाग्राम पर रोहनप्रीत के साथ अपनी तस्वीर शेयर करते हुए अपनी रिलेशनशिप का खुलासा किया था।












Click it and Unblock the Notifications