'तैयार करते समय रट लेते थे सवाल', NTA एक्सपर्ट्स ने ही कराया पेपर लीक, CBI जांच में बड़ा खुलासा
NEET UG 2026 Paper Leak Case: नीट पेपर लीक मामले में CBI ने बड़ा खुलासा किया है। एजेंसी की 94 पेज की चार्जशीट के मुताबिक, पेपर लीक की साजिश परीक्षा से कई महीने पहले ही रच ली गई थी। आरोप है कि NTA के तीन एक्सपर्ट्स ने पेपर तैयार करने और मॉडरेशन के दौरान सवाल याद कर उन्हें बाहर पहुंचाया।
CBI के अनुसार, पूरा नेटवर्क NTA एक्सपर्ट्स, कोचिंग संचालकों, बिचौलियों और छात्रों की मिलीभगत से संचालित हो रहा था। एजेंसी ने इस मामले में 13 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है।
साजिश की शुरुआत परीक्षा से कई महीने पहले
CBI की चार्जशीट के मुताबिक, NEET-UG 2026 पेपर लीक किसी एक व्यक्ति की करतूत नहीं थी, बल्कि इसके पीछे एक संगठित नेटवर्क काम कर रहा था। जांच में सामने आया कि परीक्षा से कई महीने पहले ही प्राइवेट कोचिंग संचालकों और बिचौलियों ने NTA के तीन एक्सपर्ट्स से संपर्क साध लिया था। इसके बाद लगातार मुलाकातें, बातचीत और पैसों के लेन-देन के जरिए पेपर लीक की पूरी साजिश तैयार की गई।

ये भी पढे़ं: 5 साल में 121 प्रतिशत बढ़ गई NTA की कमाई, पेपर लीक विवाद और CJP प्रोटेस्ट के बीच हुआ बड़ा खुलासा!
NTA एक्सपर्ट्स ने ऐसे याद किए सवाल
चार्जशीट के अनुसार, NTA एक्सपर्ट्स मनीषा गुरुनाथ मंधारे, पीवी कुलकर्णी और मनीषा संजय हवलदार पेपर तैयार करते समय सवाल याद कर लेते थे। होटल लौटने के बाद वे इन सवालों को पर्चियों पर लिखते और NCERT की किताबों में संबंधित चैप्टर व पैराग्राफ मार्क करते थे। कुलकर्णी ने रफ शीट पर केमिस्ट्री के 135 सवाल और उनके विकल्प भी नोट किए थे। जांच में सुरक्षा व्यवस्था में कई खामियां भी सामने आईं।
वॉट्सएप, टेलीग्राम और कोचिंग नेटवर्क से पहुंचा पेपर
CBI के मुताबिक, लीक सवाल वॉट्सएप, टेलीग्राम, PDF और फोटो के जरिए आगे भेजे जाते थे। कई कोचिंग संस्थानों में छात्रों से सवाल हाथ से लिखवाकर उनकी तैयारी कराई गई, ताकि डिजिटल सबूत कम से कम रहें। जांच के दौरान एजेंसी को ऐसी कई हस्तलिखित कॉपियां, चैट रिकॉर्ड और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस मिले हैं, जिनसे पूरे नेटवर्क के संचालन की पुष्टि होने का दावा किया गया है।
ये भी पढे़ं: NEET पेपर लीक के बाद Re-NEET के रिजल्ट में घालमेल! HC में दायर की याचिका पर NTA को दिया गया क्या आदेश?
कोचिंग संचालक और डॉक्टर भी साजिश में शामिल
चार्जशीट में पुणे की डॉ. अभंग प्रभु मेडिकल एकेडमी के COO तेजस हर्षदकुमार शाह, रेणुकाई करियर सेंटर के मैनेजिंग पार्टनर शिवराज मोटेगांवकर और सिद्धिविनायक हॉस्पिटल के मालिक डॉ. मनोज भगवानराव शिरुरे को भी आरोपी बनाया गया है। CBI का कहना है कि इन लोगों ने NTA के बाहर पूरे नेटवर्क का संचालन किया और लीक पेपर छात्रों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। पेपर लीक का मकसद अवैध कमाई और कोचिंग संस्थानों के बेहतर रिजल्ट दिखाना था।
13 आरोपियों पर गंभीर धाराएं, उम्रकैद तक की सजा संभव
CBI ने 13 आरोपियों के खिलाफ आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी, भ्रष्टाचार, सबूत मिटाने और लोक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम, 2024 समेत कई धाराओं में मामला दर्ज किया है। एजेंसी ने आरोपियों के बैंक खाते, लॉकर और एक डीमैट अकाउंट भी फ्रीज कर दिए हैं। NTA के तीनों एक्सपर्ट्स पर लोक सेवक के तौर पर भरोसा तोड़ने और पेपर लीक के गंभीर आरोप हैं। दोष सिद्ध होने पर उन्हें BNS की धारा 316(5) के तहत आजीवन कारावास या 10 साल तक की जेल, जबकि लोक परीक्षा अधिनियम के तहत 7 से 10 साल की सजा और कम से कम 10 करोड़ रुपये जुर्माना हो सकता है।


Click it and Unblock the Notifications
