चीन और पाकिस्तान पर काबू कर पाने में अक्षम है एनडीए सरकार: नारायणसामी
शिलांग। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता वी नारायणसामी ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार को शनिवार को अक्षम करार दिया। उन्होंने कहा कि जब से देश में नई सरकार ने सत्ता संभाली है, चीनी घुसपैठ तथा सीमा पर पाकिस्तान द्वारा संघर्ष विराम उल्लंघन की घटनाएं बढ़ गई हैं। उन्होंने कहा कि जब राजग सरकार विपक्ष में थी, तब वह संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार को रीढ़विहीन कहा करती थी, जबकि उसने चीनी घुसपैठ तथा पाकिस्तान से कूटनीतिक तरीके से निपटा था।

उन्होंने कहा कि लगभग हर दिन सीमा पर पाकिस्तान गोलीबारी कर रहा है तथा चीनी सेना भारतीय सीमा में घुसपैठ कर रही है। सीमा से लगे गांवों में रहने वाले लोग सेना के शिविरों में रहने के लिए मजबूर हैं। संप्रग सरकार में ऐसी घटनाएं बहुत कम होती थीं, जबकि आज ऐसा रोजाना हो रहा है। नारायणसामी ने कहा कि वर्तमान सरकार चीन तथा पाकिस्तान से कूटनीतिक तौर पर निपटने में असफल रही है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि उन्होंने (मोदी) शपथ ग्रहण समारोह में नवाज शरीफ को बुलाया था, जबकि सीमा के हालात के बारे में सबको जानकारी है। पाकिस्तान से निपटने में संप्रग का नजरिया बेहद स्पष्ट रहा है। हमने 26/11 के गुनहगार हाफिज सईद तथा अंडरवर्ल्ड डान दाऊद इब्राहिम को भारत को सौंपने के लिए उनपर दबाव बनाया। सरकार की चीन की नीति को निष्प्रभावी तथा उदासीन बताते हुए नारायणसामी ने कहा कि सबसे शर्मनाक बात तो यह है कि एक तरफ चीनी राष्ट्रपति भारत के आधिकारिक दौरे पर होते हैं, तो दूसरी तरफ चीनी सेना भारतीय क्षेत्र में घुसपैठ कर रही होती है और हमारे प्रधानमंत्री उनके लिए प्रोटोकॉल दरकिनार करते हैं और उन्हें गुजराती पकवान परोसते हैं।












Click it and Unblock the Notifications