Vice-President: उपराष्ट्रपति पद के लिए राधाकृष्णन ने किया नामांकन, क्या सुदर्शन रेड्डी ने नहीं किया नॉमिनेशन?
Vice-President Election: उपराष्ट्रपति चुनाव से पहले एनडीए (NDA) ने अपने उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन का नामांकन दाखिल किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और नितिन गडकरी समेत कई केंद्रीय मंत्री उनके साथ नामांकन दाखिल करने पहुंचे।
लोकसभा और राज्यसभा के निर्वाचक मंडल में एनडीए के पास बहुमत होने के चलते राधाकृष्णन की जीत लगभग तय मानी जा रही है।

20 प्रस्तावकों और 20 समर्थकों की उपस्थिति में नामांकन
राधाकृष्णन ने लगभग 20 प्रस्तावकों और 20 समर्थकों की उपस्थिति में अपना नामांकन दाखिल किया। इससे पहले आज, उन्होंने संसद परिसर में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने संसद भवन में छत्रपति शिवाजी महाराज, महात्मा ज्योतिराव फुले, रानी लक्ष्मीबाई, बीआर अंबेडकर और भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमाओं पर भी श्रद्धांजलि अर्पित की।
विपक्ष के बी सुदर्शन रेड्डी कब करेंगे नॉमिनेशन?
एनडीए उम्मीदवार के मुकाबले 'इंडिया' गठबंधन ने सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश और गोवा के पहले लोकायुक्त जस्टिस बी. सुदर्शन रेड्डी को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। विपक्ष की ओर से नामांकन दाखिल करने की तारीख 21 अगस्त तय की गई है।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने घोषणा करते हुए कहा कि यह फैसला सर्वसम्मति से लिया गया और यह लोकतंत्र के लिए बड़ी उपलब्धि है। बुधवार को विपक्षी सांसदों की बैठक भी होगी जिसमें जस्टिस रेड्डी मौजूद रहेंगे।
'यह वैचारिक लड़ाई है' - रेड्डी
अपनी उम्मीदवारी पर प्रतिक्रिया देते हुए जस्टिस रेड्डी ने इसे 'वैचारिक लड़ाई' करार दिया। उन्होंने कहा कि 'इंडिया' गठबंधन देश की 60% से ज्यादा आबादी का प्रतिनिधित्व करता है और संसद के दोनों सदनों में उनकी मजबूत मौजूदगी है। उन्होंने एनडीए के घटक दलों समेत सभी पार्टियों से समर्थन की अपील की। वहीं, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी जस्टिस रेड्डी की उम्मीदवारी का स्वागत किया।
आम आदमी पार्टी भी देगी समर्थन
विपक्षी एकजुटता को मजबूत करते हुए आम आदमी पार्टी (AAP) ने भी जस्टिस रेड्डी को समर्थन देने का ऐलान किया है। 'आप' सांसद संजय सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की सहमति के बाद यह फैसला लिया गया।
उपराष्ट्रपति का चुनाव कैसे होता है?
भारत में उपराष्ट्रपति का चुनाव संसद के दोनों सदनों- लोकसभा और राज्यसभा के सभी निर्वाचित और मनोनीत (Nominated) सांसद मिलकर करते हैं। इस चुनाव में आम जनता वोट नहीं देती। चुनाव का संचालन चुनाव आयोग करता है और इसमें गुप्त मतदान (Secret Ballot) होता है।
उपराष्ट्रपति बनने के लिए उम्मीदवार को सबसे पहले राज्यसभा के महासचिव (Secretary General of Rajya Sabha) के सामने नामांकन करना पड़ता है। जीतने वाले उम्मीदवार को साधारण बहुमत (Simple Majority) चाहिए यानी जितने वोट पड़ते हैं, उनमें सबसे ज्यादा वोट पाने वाला उम्मीदवार उपराष्ट्रपति बन जाता है।












Click it and Unblock the Notifications