NCPCR ने जम्मू-कश्मीर पुलिस से कहा- ट्विटर इंडिया पर करें FIR, जानिए क्या है मामला
नई दिल्ली, 5 जुलाई: राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग (एनसीपीसीआर) ने जम्मू-कश्मीर पुलिस से ट्विटर इंडिया के खिलाफ एफआइआर दर्ज करने को कहा है। एनसीपीसीआर ने ट्विटर पर शेयर की गई एक वीडियो के आधार पर ये केस करने को कहा है। इस वीडियो में कथित तौर पर प्रदेश में बच्चों को आंतक के लिए उकसाया गया है और उनको आतंकी संगठनों में भर्ती होने को कहा गया है।

राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने अपने पत्र में जम्मू कश्मीर पुलिस डीजीपी को ट्विटर इंडिया के मैनेजिंग डायरेक्टर मनीष महेश्वरी और पॉलिसी मैनेजर शगुफ्ता कामरान के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने के लिए कहा है। आयोग ने कहा है कि एक ट्वीट में बच्चा हवा में फायरिंग करता हुए और कुछ लोग उसे बंदूक चलाना सिखाते दिख रहे हैं। आयोग ने कहा है कि उनको शिकायत मिली है कि वीडियो बच्चे का इस्तेमाल कर गैरकानूनी आतंक गतिविधि का समर्थन और प्रचार करता है। ऐसे में इस मामले में कार्रवाई की जाए।
माइक्रोब्लॉगिंग प्लेटफॉर्म ट्विटर की मुश्किलें हाल के दिनों में लगातार बढ़ती ही जा रही हैं। नए आईटी नियमों को लेकर उसकी केंद्र सरकार से अनबन चल रही है। तो वहीं एक के बाद एक पुलिस केस भी दर्ज होते जा रहे हैं। कुछ समय पहले गाजियाबाद में मुस्लिम बुजुर्ग के वीडियो मामले में ट्विटर इंडिया के एमडी के खिलाफ मामला दर्ज हुआ है। जिसमें उनको हाईकोर्ट तक जाना पड़ा है।
बीते हफ्ते दिल्ली पुलिस की साइबर सेल ने बच्चों की अश्लील फोटो शेयर करने के मामले में ट्विटर को नोटिस भेजा है। दिल्ली पुलिस ने ट्विटर से उन माइक्रोब्लॉगिंग अकाउंट्स की जानकारी मांगी है जिससे चाइल्ड पोर्नोग्राफी की सामग्री साझा की गई। दिल्ली पुलिस ने मंगलवार को ट्विटर के खिलाफ प्लेटफॉर्म पर बाल यौन शोषण और चाइल्ड पोर्नोग्राफी के कंटेंट की मौजूदगी को लेकर मामला दर्ज किया था। कई शहरों में हाल के दिनों में ट्विटर पर एफआईआर की गई हैं।












Click it and Unblock the Notifications