'दाभोलकर जैसा हाल होगा', शरद पवार को WhatsApp पर मिली धमकी, कमिश्नर से मिलने पहुंचीं सुप्रिया सुले
एनसीपी प्रमुख शरद पवार को वाट्सऐप पर धमकी मिली है। उसमें लिखा है, ''शरद पवार तुम्हारा दाभोलकर जैसा हाल होगा।'' इसकी शिकायत शरद पवार की बेटी और सांसद सुप्रिया सुले ने मुंबई पुलिस से की है।

NCP Sharad Pawar Threat: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) प्रमुख शरद पवार को धमकी मिली है। इस बात की जानकारी खुद शरद पवार की बेटी और सांसद सुप्रिया सुले ने दी है। सुप्रिया सुले ने कहा है कि उनके पिता शरद पवार को वाट्सऐप पर धमकी दी गई है।
उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह से हस्तक्षेप करने की मांग की है। सुप्रिया सुले ने कहा कि शरद पवार को एक वेबसाइट के जरिए धमकी दी गई है और वह न्याय मांगने पुलिस के पास आई हैं। वाट्सऐप पर मिली धमकी में कहा गया है कि 'शरद पवार तुम्हारा दाभोलकर जैसा हाल होगा।' सुप्रिया सुले ने कहा है कि अगर उनके पिता को कुछ भी होता है तो इसका जिम्मेदार गृह मंत्रालय होगा।
सुप्रिया सुले ने कहा, ''मुझे पवार साहब के लिए वाट्सऐप पर एक धमकी भरा मैसेज आया है। उन्हें एक वेबसाइट के माध्यम से धमकी दी गई है। इसलिए, मैं पुलिस के पास इंसाफ की मांग करने आई हूं। महाराष्ट्र के गृह मंत्री और केंद्रीय गृह मंत्री से आग्रह करती हूं कि इस तरह की हरकतें निचले स्तर की राजनीति हैं और इसे नहीं करना चाहिए।''
सुप्रिया सुले ने कहा, "पवार साहब की सुरक्षा की जिम्मेदारी गृह मंत्रालय के पास है। गृह मंत्री को हस्तक्षेप करना चाहिए। शरद पवार देश के नेता हैं। मैंने पुलिस को बताया कि एनसीपी प्रमुख को धमकी मिली है और पुलिस ने कहा है कि वे कार्रवाई करेंगे।"












Click it and Unblock the Notifications