शरद पवार के इस्तीफे के बाद एनसीपी की अहम बैठक आज, हो सकता है अगले अध्यक्ष का ऐलान
एनसीपी की आज अहम बैठक होने जा रही है। पार्टी का अगला अध्यक्ष कौन होगा इसको लेकर पार्टी के भीतर मंथन होगा। शरद पवार के इस्तीफे के बाद एनसीपी का अगला अध्यक्ष कौन, इसपर हर किसी नजर

नेशनिलस्ट कांग्रेस पार्टी के चीफ शरद पवार ने अपने पद से इस्तीफा देकर हर किसी को चौंका दिया था। शरद पवार के इस्तीफे के बाद पार्टी के कार्यकर्ता लगातार उनसे अपील कर रहे हैं कि वह अपना इस्तीफा वापस ले लें,लेकिन पवार अपने फैसले पर कायम हैं।
रिपोर्ट की मानें तो कुछ लोगों ने अपने खून से पत्र लिखकर शरद पवार से अपना इस्तीफा वापस लेने की गुहार लगाई है। लेकिन इस बीच पार्टी के नए चीफ का चयन करने के लिए 18 सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया है।
18 सदस्यीय कमेटी की बैठक आज होने जा रही है। माना जा रहा है कि आज की इस बैठक में एनसीपी के नए अध्यक्ष का ऐलान किया जा सकता है। कयास लगाए जा रहे हैं कि कमेटी शरद पवार से अपने इस्तीफे पर फिर से विचार करने के लिए कहेगी और कार्यकारी अध्यक्ष का चुनाव दैनिक कार्यों के लिए कर दिया जाएगा।
पार्टी के सदस्यों की ओर से यह प्रस्ताव भी दिया गया है कि अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव तक शरद पवार पार्टी की कमान को संभाले। लेकिन पवार अपने फैसले पर अडि हैं।
एनसीपी के प्रदेश अध्यक्ष जयंत पाटिल ने कहा कि मैंने लोगों की भावना को शरद पवार के साथ साझा किया है। बतौर महाराष्ट्र अध्यक्ष मैं अगले चुनाव को लेकर चिंतित हूं। मैं भी मानता हूं कि शरद पवार साहब को अपने पद पर बने रहना चाहिए, यही सबके लिए न्याय होगा।
जयंत पाटिल ने कहा कि पवार साहब चाहते हैं कि पार्टी में उनके उत्तराधिकारी का चयन लोकतांत्रिक तरीके से हो। पार्टी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि आज पार्टी शरद पवार के सामने यह प्रस्ताव रख सकती है कि वह अपने पद पर बने रहे और एक कार्यकारी अध्यक्ष को नियुक्त किया जाएगा। वह सुप्रिया सुले हो सकती हैं।












Click it and Unblock the Notifications