नासिक प्रेस ने RBI को सौंपी 500 के 50 लाख नए नोटों की पहली खेप
500 का नया नोट ही आपके हाथ में बहुत ही जल्द आने वाला है। नासिक स्थित करेंसी नोट प्रेस यानी सीएनपी से 500 रुपए के 50 लाख नए नोटों की पहली खेप रिजर्व बैंक आॅफ इंडिया को सौंपी जा चुकी है।
नासिक। 500 और 1000 के पुराने नोटों के बंद करने संबंधी 8 नवंबर को किए गए पीएम नरेंद्र मोदी के ऐलान के बाद से कालाधन वालों के पसीने छूट गए हैं। यूं तो 2000 का नया नोट तो पहले ही आ चुका है लेकिन अब करेंसी बैन से लोगों को कुछ और राहत मिल सकती है।

आरबीआई ने रिसीव की पहले खेप
दरअसल, अब 500 का नोट ही आपके हाथ में बहुत ही जल्द आने वाला है। नासिक स्थित करेंसी नोट प्रेस यानी सीएनपी से 500 रुपए के 50 लाख नए नोटों की पहली खेप रिजर्व बैंक आॅफ इंडिया को सौंपी जा चुकी है।
इसके अलावा 50 लाख अन्य नए नोट बुधवार तक आरबीआई को और सौंपे जाएंगे।
ये नोट भी छप रहे हैं तेजी से
भारत में नोट छपाई की कुल नौ यूनिटों में से एक सीएनपी 20, 50 और 100 रुपए के भी नोट भारी मात्रा में छाप रही है। 2000 के नोट तो सर्कुलेशन में आ चुके हैं लेकिन 500 का नया नोट अभी भी बाजार में आना बाकी है।
सूत्रों की मानें तो आरबीआई ने 2000 और 500 के नोट कर्नाटक के मैसूर और दक्षिण बंगाल के सलबोनी स्थित प्रिंटिंग यूनिटों में पहले से ही प्रिंट कर लिए हैं। 500 रुपए का नोट नासिक और मध्य प्रदेश की देवास यूनिट में छप रहे हैं।
500 रुपए के इतने नोट छपने हैं
मौजूदा वित्त वर्ष की समाप्ति तक सीएनपी ने 500 रुपए के 400 मिलियन नोट छापने का लक्ष्य दिया है। इन नोटों की छपाई 2 सप्ताह पहले से शुरू हो गई थी। भारत में मुंबई, कोलकाता, नोएडा, देवास और होशंगाबाद में नोटों की छपाई होती है।
500 और 1000 के नोटों के विमुद्रीकरण के बाद पूरे देश में अफरा-तफरी मची हुई है। करेंसी एक्सचेंज के लिए बैंकों के बाहर और नोट निकालने के लिए एटीएम के बाहर हर रोज लंबी लाइनें लग रही हैं।
रिजर्व बैंक में भी हुई नोटों की किल्लत
केवल बैंक ही नहीं, यहां तक कि आरबीआई को भी शनिवार को कैश की किल्लत से जूझना पड़ा। अहमदाबाद स्थित केंद्रीय बैंक में 500 ओर 1000 के पुराने नोटों के बदले सिक्के मिले।
जब सिक्के और छोटे नोट खत्म हो गए तो आरबीआई अधिकारियों न शाम साढ़े तीन बजे बैंक बंद कर दिया।












Click it and Unblock the Notifications