कोई नहीं है टक्कर में, वाराणसी के 56 प्रतिशत वोट्स नरेंद्र मोदी के!

इंडिया टुडे ग्रुप और सिसरो की ओर से कराए गए पोल के मुताबिक नरेंद्र मोदी को वाराणसी से 56 प्रतिशत वोट्स मिलेंगे। इस तरह नरेंद्र मोदी अपने सभी प्रतिद्वंद्वियों से काफी आगे हैं।
अजय राय से भी कम वोट मिलेंगे केजरीवाल को
इस सर्वे के मुताबिक मोदी को जो वोट्स मिलने वाले हैं उसके बारे में अरविंद केजरीवाल और अजय राय को सोचना भी नहीं चाहिए। सर्वे में वाराणसी की जनता से जो भी सवाल किए गए, उसमें उन्होंने नरेंद्र मोदी को ही एक बेहतर विकल्प करार दिया।
सर्वे के मुताबिक कांग्रेस के अजय राय को 15 प्रतिशत वोट्स, आम आदमी पार्टी के अरविंद केजरीवाल को 10 प्रतिशत, समाजवादी पार्टी के कैलाश नाथ चौरसिया को 9 प्रतिशत और बहुजन समाज पार्टी के उम्मीदवार विजय जयसवाल को सात प्रतिशत वोट मिलेंगे।
बाकी राज्यों से भी मोदी को होगा फायदा
सर्वे के दौरान जब लोगों से पूछा गया कि क्या वाराणसी से लड़ने के मोदी के निर्णय का फायदा बीजेपी को उत्तर प्रदेश, बिहार और अन्य हिन्दी भाषी राज्यों में मिलेगा तो 51 प्रतिशत लोगों ने हां में जवाब दिया।
वाराणसी उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल का हिस्सा है और यहां की राजनीति का काफी असर बिहार के सटे हुए हिस्सों पर पड़ता है। बिहार में 12 मई को बची हुई छह सीटों पर मतदान होगा।
पिछड़ी जाति के 78 प्रतिशत वोट
महत्वपूर्ण बात यह है कि मोदी को सभी समुदायों के 40 प्रतिशत से ज्यादा वोटरों का साथ मिलेगा। जाटव और मुसलमान इसके अपवाद हैं। जाटवों ने हमेशा बीएसपी का साथ दिया है और मुसलमान अमूमन कांग्रेस को वोट देते हैं।
संभावना है कि यहां की पिछडी़ जातियों में 78 प्रतिशत गुजरात के सीएम का साथ देंगे। सर्वे के मुताबिक मोदी वाराणसी के 77 प्रतिशत ब्राह्मणों, 80 प्रतिशत राजपूतों, 81 प्रतिशत वैश्य समुदाय के लोगों, 76 प्रतिशत अन्य जातियों, 65 प्रतिशत कुर्मी-कोरी और 53 प्रतिशत दलितों की पसंद है।
सिर्फ 12 प्रतिशत की पसंद राहुल
जब लोगों से यह पूछा गया कि वे किसे भारत का अगला प्रधान मंत्री बनते देखना चाहते हैं तो 57 प्रतिशत ने मोदी का नाम लिया, 12 प्रतिशत ने राहुल गांधी का और 10 प्रतिशत ने अरविंद केजरीवाल का।
नौ प्रतिशत लोगों ने सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव का नाम लिया जबकि सात प्रतिशत ने बसपा चीफ मायावती का नाम लिया।
यह सवाल पूछे जाने पर कि मोदी, राय और केजरीवाल में से कौन वाराणसी के लोगों ओर वहां की समस्याओं को बेहतर ढंग से समझता है तो 52 प्रतिशत लोगों ने मोदी का नाम लिया।












Click it and Unblock the Notifications