पीएम मोदी बोले- आज की वित्तमंत्री की घोषणाएं प्रवासी मजदूरों, किसानों को पहुंचाएंगी बहुत लाभ
नई दिल्ली। वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण की ओर से आर्थिक पैकेज के तहत की गई घोषणाओं की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तारीफ की है। प्रधानमंत्री ने अपने ट्वीट में कहा है, वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण की ओर से आज की गई घोषणाएं हमारे किसानों और प्रवासी मजदूरों को विशेष रूप से लाभ पहुंचाएंगी। घोषणाओं में बेहतरी की ओर जाने का एक पूरा क्रम है इससे खाद्य सुरक्षा भी बढ़ेगी। जिससे किसानों के साथ-साथ रेहडी पटरी वालों को भी फायदा मिलेगा।
Recommended Video

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से घोषित 20 लाख करोड़ रुपए के पैकेज की दूसरी किस्त में गुरुवार को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने प्रवासी मजदूरों, फेरीवालों, छोटे कारोबारियों और किसानों और मिडिल क्लास के लिए घोषणाएं की हैं। किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड के जरिए सस्ता कर्ज दिया जाएगा तो प्रवासी मजदूरों को 2 महीने तक मुफ्त राशन देने का फैसला किया गया है। मिडिल क्लास के लिए हाउजिंग लोन सब्सिडी योजना को एक साल के लिए बढ़ा दिया गया है। शहरी गरीबों और प्रवासी मजदूरों के लिए सस्ते किराये के घर उपलब्ध कराने की बात कही गई है।
छोटे और सीमांत किसानों को लाभ देने के लिए 30 हजार करोड़ रुपए की अतिरिक्त सुविधा दी जाएगी। यह नाबार्ड के 90 हजार करोड़ रुपए के अलावा है। यह पैसा कोऑपरेटिव बैक्स के जरिए सरकारों को दिया जाएगा। इसका फायदा 3 करोड़ किसानों को मिलेगा।
अगले दो महीने तक सभी प्रवासी मजदूरों को बिना कार्ड के ही 5 किलो प्रति व्यक्ति गेहूं या चावल और एक किलो चना प्रति परिवार देगी। इससे करीब 8 करोड़ प्रवासियों को फायदा होगा। इस पर करीब 3500 करोड़ रुपए खर्च होंगे। इसका पूरा खर्च केंद्र सरकार उठाएगी।
वित्तमंत्री ने बताया है कि वन नेशन वन राशन कार्ड को अगस्त 2020 तक लागू किया जाएगा। इससे 23 राज्यों को 67 करोड़ लोगों को फायदा मिलेगा। पीडीएस योजना के 83 फीसदी लाभार्थी इससे जुड़ जाएंगे। मार्च 2021 तक इसमें 100 फीसदी लाभार्थी जुड़ जाएंगे। देश के किसी भी कोने में लोग अपने राशन कार्ड से उचित मूल्य दुकान से राशन ले सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications