अगली बार ड्रग्स से संबंधित समस्या पर मोदी करेंगे 'मन की बात'
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कहा कि रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' में अगली बार वह ड्रग्स से संबंधित समस्याओं पर बात करेंगे। मोदी ने रविवार को ऑल इंडिया रेडियो पर कार्यक्रम 'मन की बात' की दूसरी कड़ी में कहा, "मुझे एक व्यक्ति का पत्र मिला है, जो इन दिनों जोर पकड़ रही ड्रग्स की समस्या को लेकर है।
वादा करता हूं कि अगले कार्यक्रम में मैं इस बारे में बात करूंगा।" मोदी ने देशवासियों से ड्रग्स की समस्या से संबंधित ज्यादा से ज्यादा सूचनाएं और जानकारियां साझा करने का आग्रह किया, जिस पर अगले कार्यक्रम में चर्चा की जाएगी। मोदी ने बीते तीन अक्टूबर को रेडियो पर 'मन की बात' की पहली कड़ी के तहत लोगों को संबोधित किया था।

काले धन की एक-एक पाई वापस लाऊंगा
नरेंद्र मोदी ने रविवार को जनता से कहा कि वह विदेशों में छुपे कालेधन की एक-एक पाई भारत वापस लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। प्रधानमंत्री ने 'मन की बात' रेडियो कार्यक्रम के दौरान जनता को संबोधित करते हुए कहा कि देश की जनता को उन पर तथा इस मामले पर उनके किए गए वादे पर भरोसा करना चाहिए। मोदी के 'मन की बात' कार्यक्रम का प्रसारण पूर्वाह्न 11 बजे ऑल इंडिया रेडियो, दूरदर्शन पर और ऑनलाइन हुआ। उन्होंने कहा कि मैं देश को यह बताना चाहता हूं कि कृपया कर अपने प्रधान सेवक पर भरोसे करें, इस बात पर भरोसा करें कि बाहर गया एक-एक पैसा वापस आएगा।
मोदी ने कहा कि काले धन को वापस लाने की राह और पद्धति अलग हो सकती है। उन्होंने कहा, "लेकिन मुझे लगता है और मैं जानता हूं कि हम सही राह पर हैं। उन्होंने कहा कि कोई नहीं जनता कि विदेशों में कितना पैसा छुपाया गया है 'न आपको पता है, न सरकार को, न पहले की सरकार को पता था, सभी अपने-अपने आंकड़े पेश कर रहे हैं।' मोदी ने कहा कि वह आंकड़ों में नहीं उलझना चाहते।
उन्होंने कहा, "यह गरीबों का पैसा है और इसे वापस लाना होगा और मैं आपको भरोसा दिलाता हूं कि मेरे प्रयास में कोई कोताही नहीं होगी। सिर्फ आपका आशीर्वाद बरकरार रहना चाहिए।" इससे पहले मोदी के 'मन की बात' कार्यक्रम का प्रसारण तीन अक्टूबर को हुआ था।












Click it and Unblock the Notifications