मोदी का केजरीवाल को जवाब, कहा झूठे हैं केजरीवाल

गुजरात सरकार की ओर से जारी किये गये बयान में बताया गया कि यह झूठ है कि मोदी के राज में 5874 किसानों ने आत्महत्या की है, जबकि सच तो यह है कि सिर्फ एक किसान ने ही फसल में नुकसान होने के कारण आत्महत्या की है। गुजरात में 95 फीसदी लघु उद्योग हैं, जिनसे बड़ी संख्या में लोगों को रोजगार दिया जा रहा है।
केजरीवाल ने वाराणसी रैली में कहा था कि अगर मोदी जीते तो किसानों की जमीनें उद्योगपतियों को दे दी जाएंगी और उचित मुआवजा भी नहीं दिया जाएगा। जिस पर जवाब दिया गया है कि गुजरात के भूमि अधिग्रहण कानून की तारीफ सुप्रीम कोर्ट ने भी की है। किसानों की स्थिति गुजरात में पूरे भारत की अपेक्षा बेहतर है। यहां की कृषि विकास दर 11 फीसदी है।
भाजपा के वरिष्ठ नेता रविशंकर प्रसाद ने कहा है कि केजरीवाल की राजनीति नाटक और ड्रामे पर आधारित है, उनके दावे झूठे हैं। वह गुजरात में प्राथमिक शिक्षा की बदहाली की बात करते हैं, जबकि गुजरात में स्कूल ड्रॉप आउट प्रतिशत अब सिर्फ 2 प्रतिशत है।
यह पहला मौका है जब मोदी की तरफ से केजरीवाल के आरोपों का जवाब दिया गया है, इसके पहले केजरीवाल ने अपने चार दिन के गुजरात दौरे पर मोदी से मुलाकात करने का प्रयास भी किया था लेकिन मोदी ने उनसे मुलाकात नहीं की।












Click it and Unblock the Notifications