कर्नाटक सीएम की शपथ लेने पर पीएम मोदी ने कुमारस्वामी को दी बधाई
नई दिल्ली। कर्नाटक के सीएम की शपथ लेने पर एचडी कुमारस्वामी और उपमुख्यमंत्री जी. परमेश्वरा को प्रधानमंत्री मोदी ने बधाई दी है। पीएम मोदी ने कुमारस्वामी से फोन पर बात कर उनको बधाई और शुभकामनाएं दीं। बेंगलुरू में शाम साढ़े चार बजे एचडी कुमारस्वामी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। एचडी कुमारस्वामी के साथ कांग्रेस नेता जी. परमेश्वरा ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली है। उनके शपथ ग्रहण में देशभर से विपक्ष के नेता शामिल हुए।

मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद कुमारस्वामी 25 मई को सदन में अपना बहुमत साबित करेंगे। कुमारस्वामी की पार्टी जेडीएस ने चुनाव में 37 सीटें जीती हैं और वो तीसरे नंबर की पार्टी है। राज्य में सबसे बड़ी पार्टी भाजपा है, जिसने सरकार बनाने के दावा भी किया था लेकिन बहुमत साबित ना कर पाने पर येदुरप्पा ने दो दिन में ही मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। किसी भी दल को बहुमत न मिलने की स्थिति में कांग्रेस के समर्थन से जेडीएस ने सरकार बनाई है।
मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद एचडी कुमारस्वामी ने किसानों की कर्जमाफी को लेकर बड़ा ऐलान किया है। कुमारस्वामी ने कहा कि वो किसानों की कर्जमाफी पर तुरंत फैसला करने जा रहे हैं। कांग्रेस के साथ को लेकर कुमार ने कहा है कि वो गठबंधन में एक अच्छी सरकार चलाएंगे। कुमारस्वामी ने कहा कि जेडीएस और कांग्रेस गठबंधन की सरकार किसी एक पार्टी की सरकार से कहीं बेहतर साबित होगी और हम जनता के मुद्दों पर और उनके लिए काम करेंगे। कुमारस्वामी ने कहा कि जेडीएस और कांग्रेस प्रदेश की जनता की भलाई के लिए साथ आए हैं और दिनरात काम कर जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने की कोशिश करेंगे। उन्होंनें कहा कि कांग्रेस और जेडीएस में किसी पद या दूसरी चीजों को लेकर किसी तरह की कोई खींचतान नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications