पीएम नरेंद्र मोदी ने जहां की थी चाय पर चर्चा, वह दुकान सील कर गिराई
अहमदाबाद। ट्रैफिक जाम की समस्या को वजह बताते हुए अहमदाबाद म्यूनिसिपल कॉरपोरेशन (एएमसी) ने अहमदाबाद के उस फेमस चाय की दुकान को सील कर गिरा दिया है जहां से पीएम नरेंद्र मोदी ने 2014 के चुनाव में चाय पर चर्चा अभियान को लॉन्च किया था।
एएमसी ने पश्चिमी अहमदाबाद के एक हाईवे पर स्थित आठ दुकानों वाले इस शॉपिंग कॉमप्लेक्स को सील कर दिया है जिसमें इस्कॉन गंथिया नाम की यह चाय की दुकान भी थी। चाय पर चर्चा से सुर्खियों में आने के बाद इस दुकान का नाम नमो टी स्टॉल कर दिया गया था।

मोदी की फोटो के साथ सुर्खियों में छाई थी यह दुकान
भारतीय जनता पार्टी के पीएम कैंडिडेट के तौर पर नरेंद्र मोदी पश्चिमी अहमदाबाद में एसजी हाईवे पर स्थित इस चाय की दुकान पर बैठे थे और चाय पीते हुए लोगों से बात की थी। यहां पर 13 फरवरी 2014 को नरेंद्र मोदी ने दो घंटे तक देश के 300 शहरों के लगभग 1000 चाय की दुकानों पर बैठे लोगों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बात की थी।
नरेंद्र मोदी की चाय पीती हुई तस्वीर के साथ दुकान ने उस समय काफी सुर्खियां बटोरी थी। इस दुकान को एएमसी ने 5 अगस्त को सील करने के बाद गिरा दिया है।
गाड़ियों की पार्किंग बनी सील करने की वजह
एएमसी का कहना है कि इस शॉपिंग कॉम्पलेक्स की दुकानों में अधिकांशत: खाने पीने की चीजें मिलती थीं और यहां पार्किंग की जगह नहीं होने की वजह से लोग इधर उधर गाड़ियां खड़ी करते थे जिस वजह से एस जी हाईवे पर जाम लगता था और दुर्घटनाएं होती थीं।
इन दुकानों को बार-बार पार्किंग के लिए जगह बनाने को कहा जा रहा था लेकिन इन्होंने नहीं किया। यही नहीं, ये दुकान गैरकानूनी हैं क्योंकि इस कॉम्प्लेक्स को सरकारी मंजूरी नहीं मिली है। इनके पास बिल्डिंग यूज परमिशन तक नहीं है। इसलिए इनको अनिश्चित काल के लिए सील कर दिया गया है।
'पहले से ही झेल रहे थे नुकसान, अब दुकान हुई सील'
पिछले छह साल से इस्कॉन गंथिया चाय की दुकान चला रहीं अमी बेन के पति गिरी गोस्वामी का कहना है कि हमें पहले ही चार पांच लाख नुकसान हो चुका था। दुकान का रेंट बहुत ज्यादा था और हमें स्टाफ की सैलरी भी देनी पड़ती थी। दुकान सील होने के बाद हमें और नुकसान हो गया।
'पावरफुल लोगों के क्लब की वजह से दुकानें हुईं सील'
दुकानदारों का कहना है कि ये जाम उनकी वजह से नहीं लगता था बल्कि सामने सिटी का हाई प्रोफाइल कर्णावती क्लब है जहां आने वाले लोग शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के पास गाड़ियां खड़ी करते थे। हम उनको मना करते थे लेकिन कर्णावती क्लब में आने वाले शहर के धनाढ्य और पावरफुल लोग नहीं मानते थे। एएमसी को हमने जमीन के सारे रिकॉर्ड दिए लेकिन फिर भी दुकानों को सील कर दिया गया। इनमें वह नमो टी स्टॉल भी शामिल है जहां मोदी ने चाय पर चर्चा की थी।












Click it and Unblock the Notifications