मध्य प्रदेश चुनाव: नगमा बोलीं- बीजेपी को वोट दोगे तो पकौड़े ही तलते रह जाओगे
नई दिल्ली। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में जैसे-जैसे वोटिंग की तारीख नजदीक आ रही है, सियासी घमासान तेज होता जा रहा है। कांग्रेस हो या बीजेपी दोनों ही ओर से चुनाव प्रचार के दौरान एक-दूसरे पर जमकर जवाबी हमले किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में कांग्रेस नेता नगमा ने बीजेपी पर तगड़ा हमला बोला है। उन्होंने वोटरों से कहा कि अगर आप भारतीय जनता पार्टी को वोट दोगे तो पकौड़े ही तलते रह जाओगे। इतना ही नहीं उन्होंने मध्य प्रदेश में महिलाओं और बच्चियों के साथ हुई बलात्कार की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि 'मामा' (शिवराज सिंह चौहान) के राज में प्रदेश में महिलाओं और बालिकाएं सुरक्षित नहीं है। उन्होंने कर्ज की वजह से किसानों की आत्महत्या का मुद्दा उठाते हुए शिवराज सरकार पर निशाना साधा।

धार के बदनवार में कांग्रेस उम्मीदवार के लिए किया चुनाव प्रचार
फिल्म स्टार और कांग्रेस नेता नगमा गुरुवार को धार के बदनवार में कांग्रेस उम्मीदवार राजवर्धन सिंह दत्तीगांव के समर्थन में चुनाव प्रचार के लिए पहुंची थीं। इसी दौरान उन्होंने कहा कि केंद्र की यूपीए सरकार ने किसानों के 72 हजार करोड़ रुपये का कर्ज माफ किया था, लेकिन शिवराज सिंह चौहान के राज में किसानों को कर्ज की वजह से आत्महत्या करना पड़ा है। मंदसौर में किसानों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाना चाहिए। किसानों को इंसाफ दिलाना आपका कर्तव्य है।

शिवराज सरकार पर जमकर साधा निशाना
नगमा ने कहा कि बीजेपी की सरकार में किसानों को अपनी उपज का सही दाम नहीं मिल रहा है। युवाओं को रोजगार भी नहीं मिला है, उन्हें रोजगार के लिए भटकना पड़ रहा है। इसी दौरान उन्होंने कहा कि युवा याद रखें कि आपने फिर से बीजेपी को वोट दिया तो आप पकोड़े तलते ही रह जाओगे। अपने आपको सशक्त बनाना होगा, तभी प्रदेश का विकास होगा। महिलाओं और बच्चियों पर अत्याचार को लेकर नगमा ने शिवराज सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कंस मामा ने अपनी भांजियों के साथ क्या किया, ये सभी जानते हैं। मामा (शिवराज सिंह चौहान) के राज में भी प्रदेश में महिलाएं और बच्चियां सुरक्षित नहीं है।

बेरोजगारी और किसानों के आत्महत्या का उठाया मुद्दा
जानकारी के मुताबिक नगमा चुनाव प्रचार के लिए तय वक्त करीब दो घंटे से ज्यादा देरी से पहुंची। बावजूद इसके चुनाव प्रचार के दौरान नगमा का खास स्वागत किया गया। कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार राजवर्धन सिंह दत्तीगांव के साथ उन्होंने रोड शो किया। इस दौरान मशहूर फिल्म स्टार की झलक पाने के लिए सड़क पर लोगों की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिली। रोड-शो के दौरान वो जहां सभी गुजर रही थी लोग उनके दीदार की कवायद में जुटे नजर आए। खुद नगमा ने भी हवा में हाथ लहराकर उनका अभिवादन किया। बता दें कि राजवर्धन सिंह दत्तीगांव, मौजूदा विधायक और बीजेपी उम्मीदवार भंवरसिंह शेखावत के खिलाफ मैदान में हैं।












Click it and Unblock the Notifications