पूर्वोत्तर के राज्य कांग्रेस के लिए ATM, हमारे लिए 'अष्ट लक्ष्मी', नागालैंड में विपक्ष पर बरसे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नागालैंड के दीमापुर में जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि, हम पूर्वोत्तर के 8 राज्यों को कांग्रेस की तरह ATM नहीं बल्कि हमारे लिए तो ये 'अष्ट लक्ष्मी' है

Nagaland Assembly Elections 2023: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नागालैंड के दीमापुर में सार्वजनिक रैली में हिस्सा लिया। उन्होंने यहां चुमुकेदिमा में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि, 'नागालैंड की सांस्कृतिक विविधता से मैं हमेशा प्रभावित रहा हूं। नागालैंड में विकास और विश्वास की लहर चल रही है। यहां BJP-NDPP सरकार के लिए इतना समर्थन आज इसलिए है, क्योंकि हम नॉर्थ ईस्ट के तेज विकास का संकल्प लेकर दिन-रात काम कर रहे हैं।
'कांग्रेस और उसके सहयोगियों की पॉलिसी रही है-वोट पाओ और भूल जाओ- पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि, 'नॉर्थ ईस्ट के लिए कांग्रेस और उसके सहयोगियों की पॉलिसी रही है-वोट पाओ और भूल जाओ। कांग्रेस के दिल्ली के नेता नागालैंड की तरफ देखते तक नहीं है। कांग्रेस और उसके सहयोगियों की सरकारों ने अपनी राजनीति में नागालैंड की स्थिरता और समृद्धि को कभी भी महत्व नहीं दिया। कांग्रेस ने नागालैंड की सरकार को दिल्ली से रिमोट कंट्रोल से चलाया। दिल्ली से लेकर दिमापुर तक इन्होंने परिवारवाद को ही प्राथमिकता दे रखी थी, लेकिन हमारी सरकार ने पूरे नॉर्थ-ईस्ट के लिए दिल्ली की सरकार की सोच को ही बदल दिया है। कांग्रेस ने नॉर्थ-ईस्ट को ATM माना हुआ था।
पूर्वोत्तर के राज्य कांग्रेस के लिए ATM, हमारे लिए 'अष्ट लक्ष्मी'- पीएम मोदी
केंद्र सरकार आज नागालैंड के हजारों परिवारों को मुफ्त राशन दे रही है। ऐसा इसलिए हो रहा है क्योंकि हम पूर्वोत्तर के 8 राज्यों को कांग्रेस की तरह ATM नहीं बल्कि हमारे लिए तो ये 'अष्ट लक्ष्मी' हैं। अपने ही लोगों पर अविश्वास करके देश नहीं चलता, देश चलता है अपने लोगों का सम्मान करके, उनकी समस्याओं का समाधान करके। पहले जहां नॉर्थ-ईस्ट में विभाजित करने की राजनीति चलती थी उसको हमने अलौकिक शासन मॉडल में बदला है।
नागालैंड में हिंसा की घटनाओं में लगभग 75% की कमी
नागालैंड के लिए हमारा मंत्र शांति, प्रगति और समृद्धि रहा है। इसलिए लोग BJP-NDPP पर भरोसा करते हैं। पिछले कुछ सालों में कई युवाओं ने हिंसा का रास्ता छोड़ दिया है। पिछले 9 सालों में नागालैंड में हिंसा की घटनाओं में लगभग 75% की कमी आई है।
हमारी हर योजना में गरीबों, आदिवासियों और महिलाओं को प्राथमिकता- पीएम मोदी
भाजपा सरकार नागालैंड के युवाओं का पर्यटन से लेकर प्रौद्योगिकी और खेल से लेकर स्टार्टअप तक कदम-कदम पर साथ दे रही है। कोहिमा में सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क एक बड़ी पहल है। NDA सरकार 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास' के मंत्र पर आगे बढ़ रही है। हम गरीबों, आदिवासियों और महिलाओं के विकास पर बहुत अधिक फोकस कर रहे हैं और इसीलिए हमारी हर योजना में इन वर्गों को प्राथमिकता दी जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications