BBC EXCLUSIVE - मेरी ज़िम्मेदारी अपने उम्मीदवार को चुनाव जिताने की थी: अखिलेश यादव

अखिलेश यादव
Getty Images
अखिलेश यादव

बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती के सपा के साथ गठबंधन कायम रखने की घोषणा के बाद समाजावादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने पहली प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि हमारा गठबंधन लंबा चलेगा.

वहीं, उत्तर प्रदेश के राज्यसभा चुनाव में बहुजन समाज पार्टी के उम्मीदवार की हार पर अखिलेश यादव ने ये कहा कि उनकी पहली ज़िम्मेदारी अपने पार्टी के उम्मीदवार को जिताने की थी, बीएसपी उम्मीदवार के पर्याप्त वोट नहीं जुटा पाने की वजहों के बारे में उन्होंने कहा कि उन्हें राजनीतिक धोखे का एहसास नहीं था.

बीबीसी हिंदी के साथ एक एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में अखिलेश यादव ने इस गठबंधन भविष्य और 2019 के आम चुनाव को लेकर विपक्ष की चुनौतियों पर विस्तार से बातचीत की है.

सवाल: मायावती जी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके कहा कि उनकी पार्टी का सपा के साथ 2019 में भी गठबंधन बना रहेगा, इस पर आपकी पहली प्रतिक्रिया क्या है?

जवाब: जो परिणाम आया था, उससे कहीं ना कहीं ये लग रहा था कि उनकी किसी न किसी राजनीतिक दल से नाराज़गी न हो, लेकिन मुझे इस बात की ख़ुशी है कि उन्होंने एक बार फिर से कॉन्फिडेंस बिल्ड अप कर दिया है कि एलाएंस हो.

अगर कॉन्फिडेंस से ये एलाएंस होगा तो ये लंबा चल सकता है, जो मक़सद है वो पूरा होगा.

जो लोग सत्ता में बैठे हैं, जो ना तो संविधान को मान रहे हैं और ना क़ानून को मान रहे हैं, उन्हें हटाने में मदद मिलेगी. जो लोग करप्शन हटाने की बात कर रहे थे उन्होंने चुनाव जीतने के लिए किस तरह पैसे का इस्तेमाल किया है, आप देख लीजिए.

इसके अलावा उन्होंने कुछ सुझाव दिया है, उन्होंने राजनीति के बहुत उतार-चढ़ाव देखे हैं. उन्होंने करीब से देखा है कि लोग किस तरह से बदल जाते हैं. राजनीति का लंबा रास्ता तय करने के लिए कहीं ना कहीं सावधान रहना पड़ेगा.

सवाल: आपने उन सुझावों पर विचार किया, जो उन्होंने आपको दिया है?

जवाब: अगर कोई सावधान करता है और वो सच्चाई के आस-पास है तो हमें समझना पड़ेगा कि धोखा क्या होता है, कोई किस तरह साज़िश कर सकता है.

हमारे सदस्यों को जेल से नहीं आने दिया गया, एक ही धरती पर दूसरे प्रदेश के लिए दूसरा क़ानून है, उत्तर प्रदेश के लिए दूसरा. पूरा प्रशासन लगा हुआ था कि हमारा विधायक वोट नहीं दे पाए. मुख्यमंत्री ने फिरोज़ाबाद का दौरा खासकर लगाया था ताकि हमारे विधायक को वोट डालने से रोका जाए. पर्सनल लेवल पर ज़िलाधिकारी तक को निर्देश दिए गए थे.

सवाल: इसके अलावा कोई और चूक जो आपसे रणनीतिक स्तर पर हुई हो?

जवाब: कोई किस सीमा तक साज़िश कर सकता है, इसका अंदाज़ा मुझे नहीं था. उन लोगों ने हमारे लोगों को तोड़ लिया. हमारे एक सांसद को तोड़ लिया, जिन्हें शराब में कौन-कौन से भगवान नज़र आ रहे थे.

हमने लोगों पर भरोसा किया लेकिन राजनीतिक तौर पर साज़िश करके हमारे दो विधायकों को वोट नहीं देने दिया, एक का वोट रद्द कर दिया. हर तरह के हथकंडे अपना कर विधायकों का वोट खरीदा गया.

सवाल: लेकिन आप चाहते तो ये बिसात बदल सकते थे, आख़िरी समय में अगर आपने बीएसपी उम्मीदवार को पहले जिताने का फ़ैसला लिया होता तो शायद जया जी की सीट भी निकल आती?

जवाब: इस सवाल पर मेरा बस इतना कहना है कि मेरी ज़िम्मेदारी अपनी पार्टी की थी और मैं ये मानकर चल रहा था कि मुझे अच्छे वोट मिल रहे हैं, मुझे साज़िश का पता नहीं था. दो वोट कैंसिल हो जाएंगे, इसका अंदाज़ा भी नहीं था. लोग वोट अंदर जाकर दे रहे थे, तो हमें अंदाज़ा था कि हमारे पास पूरे वोट हो जाएंगे लेकिन उनकी साज़िश बड़ी थी और हम उसे पूरी तरह समझ नहीं पाए थे.

सवाल: लेकिन आपकी ग़लती को माफ़ करने के साथ-साथ मायावती जी गेस्ट हाउस कांड तक को भूलने की बात कर रही हैं?

जवाब: साज़िश से सावधान तो रहना ही होगा, ये हमने सीखा है. मायावती जी काफ़ी परिपक्व हैं, वो सब समझती हैं. जहां तक गेस्ट हाउस कांड की बात है, तो उसका सबसे बेहतरीन जवाब ख़ुद मायावती जी ने दे दिया है. मैं तो उस वक़्त था ही नहीं और वो भी उससे काफ़ी आगे बढ़ चुकी हैं.

अखिलेश यादव
Getty Images
अखिलेश यादव

सवाल: 2019 के गठबंधन के लिहाज़ से सपा-बसपा में सीनियर कौन होगा, जूनियर कौन?

जवाब: राजनीति में कोई सीनियर-जूनियर नहीं होता. लेकिन अनुभव में मायावती जी आगे हैं, अनुभव में हम कम हैं.

सवाल: इसका असर सीटों के बंटवारे में भी दिखेगा?

जवाब: सीटों के बंटवारे को ध्यान में रखकर गठबंधन नहीं हो रहा है. अभी इसका सवाल ही नहीं उठा है. जो सीटों के बंटवारे को ध्यान में रखेगा वो तो समझौता कर ही नहीं पाएगा. हमारा ध्यान समझौते पर है, सीटों के बंटवारे पर नहीं. जब उसकी बात होगी तो वो भी हो जाएगी.

सवाल: लेकिन विपक्ष की लड़ाई का कोई चेहरा नहीं है, आपके हिसाब से कौन होगा विपक्ष का चेहरा?

जवाब: बीजेपी कह रही है कि हमारे ख़िलाफ़ पूरा विपक्ष एक हो गया है. उनकी ओर से आगे भी यही कहा जाएगा कि बीजेपी की लड़ाई रेस्ट आफ़ बीजेपी से है तो हमारा तो यही कहना है कि रेस्ट में कोई तो बेस्ट होगा. हम चुन लेंगे.

सवाल: इन दिनों आप विकास की बात के साथ-साथ आबादी के हिसाब से हक़ की बात भी कर रहे हैं, ये शिफ्ट क्यों है?

जवाब: मैं अपने आप को फॉरवर्ड समझ रहा था, लेकिन बीजेपी ने मुझे बैकवर्ड बना दिया. मैं बैकवर्ड हूं लेकिन प्रगतिशील हूं. जहां तक आबादी के हिसाब से हक़ की बात है तो मेरा कहना है कि आबादी के हिसाब से लोगों को उनका हक़ मिलना चाहिए क्योंकि पिछड़ों और दलितों को केवल 50 फ़ीसदी तक सीमित करने की बात कही जा रही है.

मायावती ने ऐसा क्या कह दिया कि मोदी की नींद उड़ जाएगी?

योगी ने ऐसे बिगाड़ा बुआ-बबुआ का खेल

अखिलेश यादव
Getty Images
अखिलेश यादव

सवाल: मतलब सामाजिक न्याय की लड़ाई पर आप ध्यान फोकस कर रहे हैं?

जवाब: लड़ाई तो यही है कि लोगों को उनका हक़ दिलाना है, उसके लिए हम लगातार संघर्ष करते रहेंगे. आप देखिए कि क्या-क्या बातें कही जा रही हैं कि अति पिछड़े को ये देंगे, अति दलित को ये देंगे. सब जुमलेबाज़ी है, हमारा तो यही कहना है कि अब हम लोगों को कितना लड़ाओगे, कितना बांटोगे.

सवाल: आख़िर में एक सवाल 2019 के आम चुनाव को लेकर है. क्या समाजवादी पार्टी कांग्रेस के नेतृत्व में यूपीए में रहेगा, किसी दूसरे मोर्चे में रहेगा या जो परिस्थिति होगी उसके अनुसार फ़ैसला लिया जाएगा?

जवाब: किस तरह से मोर्चा बनेगा, इस पर आज कुछ कह पाना मुश्किल है. जहां तक समाजवादी पार्टी की भूमिका है उस पर केवल इतना कहना है कि जहां हमारा संगठन है वहां से अधिक से अधिक सीटें जीतकर देने की कोशिश होगी.

टीपू की सपा ने इस बरस देखा सबसे बुरा वक्त

करोड़पति सांसदों से भरी पड़ी है राज्यसभा

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए यहां क्लिक करें. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं.)

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+