Murshidabad में थम नहीं रही हिंसा, उग्र भीड़ ने पिता-पुत्र समेत 3 की मौत, इलाके में लागू हुई धारा 163
Murshidabad Violence: वक्फ (संशोधन) कानून के विरोध में पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद (Murshidabad) जिले में शनिवार को एक बार फिर हिंसा भड़क उठी। शनिवार शमशेरगंज के जाफराबाद इलाके में उग्र भीड़ ने पिता और पुत्र की हत्या कर दी। पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह घटना आज दोपहर की है, जब हिंसक भीड़ ने एक गांव पर हमला किया।
वहीं, इस हिंसा के चलते धुलियान में तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस सूत्रों के अनुसार, मृतकों की पहचान स्थानीय निवासी के रूप में हुई है। भीड़ द्वारा किए गए इस हमले के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है, लेकिन आशंका जताई जा रही है कि यह घटना शुक्रवार को हुई हिंसा की कड़ी हो सकती है। फिलहाल, हिंसा के बाद मुर्शिदाबाद बाद में धारा 163 लागू है, इंटररनेट बंद है।

गौरतलब है कि शुक्रवार, 11 अप्रैल को जुमे की नमाज़ के बाद जिले के सूती और शमशेरगंज इलाकों में कानून के विरोध में बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतर आए थे। प्रदर्शनकारियों ने एनएच-34 को अवरुद्ध कर दिया, जिसके बाद पुलिस द्वारा अवरोध हटाने की कोशिश पर टकराव शुरू हो गया।
हिंसा धीरे-धीरे फैलती गई और शमशेरगंज के डाक बंगला मोड़ पर हालात बेकाबू हो गए। भीड़ ने पुलिस की गाड़ियों में आग लगा दी, एक पुलिस आउटपोस्ट को भी नुकसान पहुंचाया गया। कई दुकानों और वाहनों में तोड़फोड़ और आगज़नी की गई। इसके अलावा, धूलियान रेलवे स्टेशन के पास भी हिंसा की घटनाएं सामने आईं, जहां रिले रूम और रेलवे गेट को नुकसान पहुंचाया गया।
रेलवे कर्मचारियों ने किसी तरह मौके से भागकर जान बचाई। जिले में हालात बिगड़ने के बाद प्रशासन ने इंटरनेट सेवा को अस्थायी रूप से बंद कर दिया है। मुर्शिदाबाद के संवेदनशील इलाकों में धारा 144 लागू कर दी गई है और भारी संख्या में पुलिस बल तथा केंद्रीय सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं।
अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पर नजर रखी जा रही है और उपद्रवियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। स्थिति अब नियंत्रण में है, लेकिन तनाव बना हुआ है। प्रशासन लोगों से शांति बनाए रखने की अपील कर रहा है। वहीं, शुक्रवार को मुर्शिदाबाद में भड़की हिंसा के बाद पुलिस ने 118 लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने बताया कि सुटी से 70 और समसेरगंज से 41 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही, पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया पर अफवाहों से बचने की सलाह दी है। वहीं, सीएम ममता बनर्जी ने मुर्शिदाबाद जिले के हिंसा प्रभावित इलाकों का दौरा किया और राज्य में शांति बनाए रखने की अपील की है।
उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि उनकी सरकार केंद्र सरकार द्वारा लाया गया नया वक्फ कानून राज्य में लागू नहीं करेगी। ममता बनर्जी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, 'हमने इस मामले पर अपनी स्थिति स्पष्ट कर दी है, हम इस कानून का समर्थन नहीं करते हैं। यह कानून हमारे राज्य में लागू नहीं होगा। तो फिर दंगे किस बात को लेकर हो रहे हैं?'
इस दौरान उन्होंने सभी समुदायों से संयम बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि हर इंसान की जान कीमती है। राजनीति के लिए दंगे न भड़काएं। जो लोग ऐसा कर रहे हैं, वे समाज को नुकसान पहुंचा रहे हैं। इस दौरान विरोध कर रहे लोगों को उन्होंने याद दिलाते हुए कहा कि यह कानून उनकी पार्टी का नहीं बल्कि केंद्र सरकार का फैसला है। जवाब चाहिए तो केंद्र सरकार से पूछिए।
ये भी पढ़ें: West Bengal: मुर्शिदाबाद में वक्फ अधिनियम के विरोध में हुई हिंसा मामले में 110 से अधिक लोग किए गए गिरफ्तार












Click it and Unblock the Notifications