Mumbai Stampede: मुंबई हादसे पर रेलवे की सफाई, ये बताई घटना की वजह
Mumbai Stampede: मुंबई हादसे पर रेलवे की सफाई, बताई क्या रही घटना की वजह
मुंबई। शुक्रवार सुबह मुंबई के एलफिंस्टन रेलवे ब्रिज पर भगदड़ के बाद हुए हादसा को लेकर वेस्टर्न रेलवे ने प्रेस नोट जारी कर इसकी वजह बताई है। हादसे में 22 की मौत और 39 से ज्यादा लोगों के घायल होने के पीछे वेस्टर्न रेलवे ने बेवक्त आई बारिश की वजह से बड़ी तादाद में फुटओवर ब्रिज पर लोगों का जमा होना और इसी दौरान पुल गिरने की अफवाह को बताया है। रेलवे ने कहा है कि बारिश की कोई संभावना नहीं थी और बारिश आने पर लोग खुद को बचाने के लिए फुटओवर ब्रिड पर पहुंचे थे।

वेस्टर्न रेलवे ने कहा है कि बारिश की वजह से वहां भीड़ बढ़ गई, भारी भीड़ के चलते अफवाह फैली तो भगदड़ मच गई। शुरुआती जांच में सामने आया है कि फुटओवर ब्रिज के गिर जाने की अफवाह की वजह से भगदड़ शुरु हुई लेकिन फुटओवर ब्रिज के गिरने की बात सामने नहीं आई है। रेलवे ने कहा है कि फुटओवर ब्रिज 5 मीटर चौड़ा, 32 मीटर लंबा है और इसके दोनों तरफ एक्जिट है। रेलवे ने कहा है कि एलफिंसटन रोड स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर नए फुटओवर बनाने के लिए लिए टेंडर पहले ही दिया जा चुका है।
मुंबई के एलफिंस्टन रेलवे ब्रिज पर भगदड़ में 22 लोगों की मौत और दर्जनों लोगों के घायल होने पर रेलमंत्री पीयूष गोयल ने घटना की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। पीयूष गोयल ने कहा कि वो घटना से दुखी हैं और मृतकों के परिवारों के प्रति अपनी शोक संवेदना व्यक्त करते हैं। पीयूष गोयल ने कहा कि फुटओवर ब्रिज को चौड़ा करने और सुरक्षा को लेकर जो भी जरूरी होगा, वो सरकार करेगी।
मृतकों के परिवारों को पांच लाख रुपए महाराष्ट्र सरकार की ओर से और पांच लाख रेलवे की ओर से मुआवजा दिया जाएगा। वहीं गंभीर घायलों के लिए एक लाख और घायलों को 50 हजार रुपए के मुआवजे की घोषणा रेलमंत्री ने की है। हादसे पर पीएम मोदी ने भी ट्वीट कर दुख जताया है। उन्होंने कहा है कि वो मृतकों के प्रति अपनी संवेदना प्रकट करते हैं। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने मुंबई हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने कहा, मुंबई में भगदड़ के हादसे से गहरा दुःख हुआ। शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना, घायलों के लिए प्रार्थना।












Click it and Unblock the Notifications