मुंबई में फिर से बारिश का अनुमान, जलभराव बना है परेशानी
मुंबई। बीते कई दिनों से बारिश के चलते बेहाल मुंबई शहर को बुधवार को बारिश से कुछ राहत मिली है। हालांकि बुधवार को बारिश रुकने लोगों को कुछ राहत मिली है लेकिन ये ज्यादा जारी रहती नहीं दिख रही है। अंधेरी में हल्की बारिश की संभावना है, वहीं विरार, चेंबूर और नालासोपारा में भारी बारिश का अनुमान मौसम विभाग ने जताया है। महाराष्ट्र सरकार में मंत्री विनोद तावड़े ने बताया है कि जलभराव के चलते कई इलाकों में भारी परेशानी का सामना लोगों को करना पड़ा रहा है, लगातार बारिश के चलते पानी को निकाला भी नहीं जा पा रहा है।

कई दिनों से लगातार हो रही बारिश बुधवार को थमी है लेकिन मुंबईकरों की परेशानियां अभी भी जस की तस बनी हुई हैं। कई इलाकों में रेलवे ट्रैक पानी में डूबे हुए हैं। रेलवे ट्रैक पर जलभराव के कारण कई ट्रेनों को रद्द किया जा चुका है जिसके कारण स्टेशन पर भीड़ जमा हो गई है, जबकि कई ट्रेनें अपने निर्धारित समय से लेट चल रही हैं। वहीं, अगर सड़कों की बात करें तो हालात और भी खराब हैं। लोग घुटनों तक पानी में अपने रोजमर्रा का काम करने को मजबूर हैं। कई जगह सड़कों पर भारी जाम लगा हुआ है।

विरार और नालासोपारा के बीच रेलवे ट्रैक पर जलभराव ने वसाई से विरार जाने वाली ट्रेनों को रद्द करने को मजबूर कर दिया है। जबकि भारी बारिश के बाद सबसे ज्यादा प्रभावित वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे है।
मंगलवार को एनडीआरएफ की टीम द्वारा नालासोपारा और वसई स्टेशन के बीच मुंबई-रूट की ट्रेनों में फंसे करीब 1,500 यात्रियों को बचाया गया था। जबकि अधिकारियों ने इस दौरान 2 हजार से अधिक खाने के पैकेट वितरित किए। रेलवे ट्रैक से पानी हटाने का काम मंगलवार को ही जारी था, लेकिन अभी भी कई स्टेशनों पर इस प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ा है।












Click it and Unblock the Notifications