Mumbai Pune Expressway: 32 घंटे के जाम में फंसने वाले 1.2 लाख यात्रियों को सरकार देगी ₹5.2 करोड़ का रिफंड
Mumbai Pune Expressway: मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर 3 फरवरी को गैस टैंकर हादसा हुआ था। इस वजह से लगभग 32 घंटे लंबा जाम लग गया था, जिसमें करीब 1.2 लाख वाहन चालक फंसे रह गए थे। अब जाम में फंसने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलने जा रही है। महाराष्ट्र राज्य सड़क विकास निगम (MSRDC) ने घोषणा की है कि प्रभावित लोगों को कुल करीब ₹5.16 करोड़ (लगभग ₹5.2 करोड़) का टोल रिफंड लौटाया जाएगा। यह रिफंड न सिर्फ एक्सप्रेसवे पर, बल्कि पुणे-बेंगलुरु राष्ट्रीय राजमार्ग पर वसूले गए टोल पर भी लागू होगा।
अधिकारियों के अनुसार, दुर्घटना के तुरंत बाद टोल वसूली रोकने के निर्देश जारी कर दिए गए थे। हालांकि, कुछ स्थानों पर स्वचालित फास्टैग प्रणाली के चलते राशि कटने की आशंका बनी रही। ऐसे सभी लेन-देन का डेटा एकत्र कर लिया गया है। आने वाले सप्ताह में संबंधित वाहन चालकों के फास्टैग खातों में सीधे रकम जमा कर दी जाएगी, जिससे उन्हें अलग से किसी दावे या आवेदन की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।

Mumbai Pune Expressway: रिफंड प्रक्रिया शुरू की गई
- घटना के बाद निगम ने अपने कंसेशनायर आईआरबी इंफ्रास्ट्रक्चर से भी विस्तृत रिपोर्ट तलब की है। विशेष रूप से यह स्पष्ट करने को कहा गया है कि टोल रोकने के निर्देशों के बावजूद कहीं वसूली जारी तो नहीं रही।
- अधिकारियों का कहना है कि जब तक टोल प्लाजा के बैरियर पूरी तरह नहीं खोले गए, तब तक कुछ लेन-देन तकनीकी कारणों से हो सकते हैं। ऐसे मामलों की पहचान कर पारदर्शी तरीके से रिफंड प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
Mumbai Pune Expressway Jam: 32 घंटे के जाम में हलकान हुए थे यात्री
खोपोली के पास हुए हादसे के बाद हजारों वाहन कई किलोमीटर तक लंबी कतारों में फंस गए थे। यात्रियों को घंटों तक पानी और भोजन जैसी बुनियादी सुविधाओं के बिना इंतजार करना पड़ा। हालात को देखते हुए प्रशासन ने टोल वसूली अस्थायी रूप से बंद करने का फैसला लिया था। MSRDC का कहना है कि प्रभावित वाहन चालकों को उनका पैसा लौटाना सर्वोच्च प्राथमिकता है। पूरी प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से पूरी की जाएगी, ताकि पारदर्शिता बनी रहे और किसी को अतिरिक्त परेशानी न उठानी पड़े। साथ ही भविष्य में ऐसी परिस्थितियों से बेहतर तरीके से निपटने के लिए तकनीकी समन्वय और सिस्टम में सुधार करने की बात भी कही गई है।












Click it and Unblock the Notifications